Raigarh News -रायगढ़ के कंडरजा गांव में खराब सड़क के कारण पति को बीमार पत्नी को 1KM पैदल उठाकर ले जाना पड़ा।
छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में सड़क की बदहाली ने एक बार फिर जनजीवन पर सवाल खड़े कर दिए हैं। कापू थाना क्षेत्र के विजयनगर ग्राम पंचायत के कंडरजा मोहल्ले में रहने वाले लक्ष्मण राठिया को अपनी बीमार पत्नी तुलसी बाई राठिया (55) को अस्पताल पहुंचाने के लिए बेहद मुश्किल सफर तय करना पड़ा। खराब और कीचड़ से भरे रास्ते के कारण न एंबुलेंस पहुंच सकी, न कोई अन्य वाहन। ऐसे में उन्होंने पड़ोसी दुलेश्वर की मदद से पत्नी को गोद में उठाया और लगभग 1 किलोमीटर पैदल कीचड़ भरे रास्ते पर चलकर साफ सड़क तक पहुंचे।
साफ रास्ता मिलने के बाद उन्होंने ऑटो की मदद से पत्नी को अस्पताल पहुंचाया। लेकिन कंडरजा से कापू अस्पताल की दूरी जहां सामान्य रूप से सिर्फ 5 किलोमीटर है, वहीं खराब सड़क के कारण उन्हें दूसरे रास्ते से 15 किलोमीटर की दूरी तय करनी पड़ी। तुलसी बाई को अस्पताल में भर्ती किया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।

कई सालों से सड़क नहीं बनी, बरसात में बढ़ती मुश्किलें


कंडरजा से पंडरापाठ और बिलाईढोड़ी की ओर जाने वाली सड़क कई वर्षों से बदहाल है। बरसात के मौसम में यह रास्ता पूरी तरह कीचड़ में तब्दील हो जाता है, जिससे एंबुलेंस और अन्य चारपहिया वाहन यहां तक नहीं पहुंच पाते। ग्रामीण रवेंद्र सिंह ने बताया कि इस समस्या के समाधान के लिए कई बार सड़क निर्माण की मांग की गई है, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई।
सरपंच ने भी मानी जरूरत
विजयनगर ग्राम पंचायत के सरपंच विष्णुप्रसाद राठिया ने भी सड़क की बदहाली स्वीकार की और बताया कि कंडरजा से पंडरापाठ, कंडरजा से बिलाईढोड़ी और पाटनपारा से पंडित बगीचा तक की सभी सड़कों की हालत खराब है। उन्होंने कहा कि ग्राम सभा में इन सड़कों को बनाने का प्रस्ताव रखा गया है और पक्की सड़क के लिए प्रयास जारी हैं। सरपंच ने माना कि इन इलाकों में पक्की सड़क का निर्माण बेहद जरूरी है, ताकि लोगों को सुरक्षित और आसान आवाजाही मिल सके।
प्रशासन से संपर्क की कोशिश
इस मामले में स्थानीय लोग और प्रतिनिधि प्रशासन से संपर्क करने की कोशिश कर रहे हैं। SDM को फोन किया गया, लेकिन बातचीत नहीं हो पाई। ग्रामीणों का कहना है कि अगर समय रहते सड़क नहीं बनाई गई, तो हर साल बारिश में ऐसे हादसे और कठिनाइयां सामने आती रहेंगी।
