Raigarh Train Accident News:
रायगढ़ (छत्तीसगढ़)। जिले में बीती रात एक दर्दनाक हादसा हो गया। पुलिस की पेट्रोलिंग गाड़ी को देखकर भागते समय एक युवक ट्रेन की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौत हो गई। यह घटना रायगढ़ रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर-3 पर हुई। हादसे के बाद परिजनों ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं और उच्च स्तरीय जांच की मांग की है।
मिली जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान श्याम गोरख (30), निवासी सोनिया नगर के रूप में हुई है। वह पहले ऑटो चलाता था और वर्तमान में जिंदल कंपनी में काम कर रहा था। बताया जा रहा है कि श्याम के खिलाफ कई आपराधिक मामले पहले से दर्ज थे। मंगलवार देर रात करीब 10 बजे जब वह रेलवे स्टेशन पर मौजूद था, तभी पुलिस की पेट्रोलिंग टीम वहां पहुंची। पुलिस को देखकर श्याम घबराकर भागने लगा और रेलवे ट्रैक क्रॉस करते समय मालगाड़ी की चपेट में आ गया।
परिजनों ने पुलिस पर लगाया आरोप, जांच की मांग
मृतक के भाई दिनेश गोरख ने आरोप लगाया कि पुलिस की पीछा करने की वजह से ही उसके भाई की मौत हुई। उन्होंने कहा कि रेलवे स्टेशन पर लगे सीसीटीवी कैमरे का फुटेज सार्वजनिक किया जाना चाहिए, ताकि सच सामने आ सके। परिजनों का कहना है कि वे चाहते हैं कि इस मामले में उच्च स्तरीय जांच हो, जिससे पूरी सच्चाई सामने आ सके।

पुलिस का बयान
जीआरपी के प्रधान आरक्षक ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। प्लेटफार्म नंबर 3 के ओवरब्रिज के नीचे युवक मृत अवस्था में मिला, जिसके हाथ-पांव कटे हुए थे। शव को तत्काल अस्पताल भेजा गया।
वहीं, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आकाश मरकाम ने बताया कि रात करीब 10 बजे कोतवाली पुलिस टीम पेट्रोलिंग पर थी। टीम को देखकर युवक भागने लगा और रेलवे लाइन क्रॉस करते समय मालगाड़ी की चपेट में आ गया। इस घटना में युवक की मौके पर ही मौत हो गई। फिलहाल, मर्ग पंचनामा की कार्रवाई की जा रही है और आगे की जांच जारी है।

