CG Police Constable Result-
छत्तीसगढ़ पुलिस कांस्टेबल भर्ती 2024–25 परीक्षा के घोषित परिणाम को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। रिजल्ट सूची में नाम नहीं आने से नाराज अभ्यर्थियों ने भर्ती प्रक्रिया में धांधली का आरोप लगाते हुए विरोध-प्रदर्शन शुरू कर दिया है। रविवार को बड़ी संख्या में अभ्यर्थी डिप्टी मुख्यमंत्री विजय शर्मा से मिले और भर्ती परीक्षा को रद्द कर नए सिरे से कराने की मांग रखी।
धांधली के आरोपों के बीच डिप्टी सीएम से सीधा संवाद
पुलिस कांस्टेबल भर्ती में कथित अनियमितताओं को लेकर उग्र हुए छात्रों के बीच डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने रविवार को सीधा संवाद किया। उन्होंने अभ्यर्थियों को आश्वस्त करते हुए कहा कि सरकार आरक्षक भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और युवाओं के हितों की अनदेखी नहीं की जाएगी।

ये भी पढ़े –रायपुर में बीड़ी नहीं देने पर चाकू से गोदकर हत्या, मलबे में मिली लाश; 2 नाबालिग गिरफ्तार
वेटिंग लिस्ट बढ़ाने का दिया भरोसा
डिप्टी सीएम ने कहा कि जल्द से जल्द प्रतीक्षा सूची (वेटिंग लिस्ट) को क्लियर करने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। इसके साथ ही प्रथम वेटिंग लिस्ट की संख्या बढ़ाने को लेकर मुख्यमंत्री से मार्गदर्शन लेने का आश्वासन भी दिया गया। उन्होंने PHQID से अभ्यर्थियों के मोबाइल नंबर अलग होने जैसे मुद्दों पर भी विचार करने की बात कही।
नॉर्मलाइजेशन और मूल्यांकन पर सवाल
अभ्यर्थियों का आरोप है कि भर्ती परीक्षा के परिणाम में नॉर्मलाइजेशन और मूल्यांकन प्रक्रिया पारदर्शी नहीं रही। अलग-अलग शिफ्ट में हुई परीक्षा के अंक समायोजन का स्पष्ट विवरण सार्वजनिक नहीं किया गया, जिससे संदेह और असंतोष बढ़ा है। छात्रों का कहना है कि इसी वजह से मेरिट सूची पर भरोसा नहीं किया जा सकता।
ये भी पढ़े –कांकेर में आदिवासी–ईसाई समुदाय आमने-सामने, 2 चर्च में आग; शव दफनाने को लेकर हिंसा, ASP समेत 20 पुलिसकर्मी घायल
कम अंक वालों के चयन का आरोप
प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों ने आरोप लगाया कि कट-ऑफ और मेरिट सूची में कम अंक पाने वाले उम्मीदवारों का चयन कर लिया गया, जबकि ज्यादा अंक प्राप्त करने वाले अभ्यर्थी बाहर रह गए। कुछ जिलों और रेंज में घोषित पदों के मुकाबले एक-दो पद खाली छोड़े जाने को भी छात्रों ने मनमाना फैसला बताया है।

बस्तर फाइटर भर्ती में मिलेगा स्थानीय युवाओं को मौका
डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने स्पष्ट किया कि आरक्षक भर्ती प्रक्रिया में कोर्ट के फैसले के अनुसार क्षेत्रीय आरक्षण संभव नहीं था। हालांकि, उन्होंने भरोसा दिलाया कि बस्तर संभाग के स्थानीय युवाओं को बस्तर फाइटर भर्ती के माध्यम से अवसर दिया जाएगा। इसके अलावा भूतपूर्व सैनिकों द्वारा आयु सीमा में छूट की मांग पर भी समाधान का आश्वासन दिया गया।
ये भी पढ़े –मिर्च की खेती ने बदली किस्मत, छत्तीसगढ़ के इस किसान ने 12 एकड़ जमीन से कमाए लाखों
नियमों के उल्लंघन पर होगी कार्रवाई
डिप्टी सीएम ने कहा कि अब तक किसी भी मामले में नियमों के स्पष्ट उल्लंघन की पुष्टि नहीं हुई है। फिर भी यदि जांच में कोई गड़बड़ी सामने आती है, तो संबंधित अधिकारियों और प्रक्रिया पर निश्चित रूप से कार्रवाई की जाएगी।

हाईकोर्ट पहुंचा मामला
भर्ती प्रक्रिया में गंभीर अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए सैकड़ों अभ्यर्थियों ने बिलासपुर हाईकोर्ट का रुख किया है। अभ्यर्थियों ने नियुक्ति आदेश पर रोक लगाने और प्रतीक्षा सूची में शामिल पात्र उम्मीदवारों को नियुक्ति देने की मांग की है। फिलहाल आरक्षक भर्ती रिजल्ट को लेकर विवाद थमने के बजाय और तेज होता नजर आ रहा है।

