Metromonial Cyber Crime –
रायपुर की एक महिला कॉन्स्टेबल ऑनलाइन ठगी और ब्लैकमेलिंग का शिकार हो गई। मेट्रोमोनियल साइट पर डॉक्टर के नाम से बनाई गई फर्जी प्रोफाइल के जरिए आरोपी ने पहले महिला से दोस्ती की, फिर विश्वास में लेकर रायपुर पहुँच गया। महिला ने उसका विरोध किया तो आरोपी ने उसके फोटो को मॉर्फ कर नकली अश्लील वीडियो तैयार किया और वायरल करने की धमकी देकर 4 लाख रुपए वसूल लिए।
फेक डॉक्टर प्रोफाइल बनाकर जाल में फंसाया
जानकारी के मुताबिक महिला कॉन्स्टेबल एक नामी मेट्रोमोनियल साइट पर सक्रिय थी। इसी दौरान उसकी मुलाकात एक युवक से हुई, जिसने खुद को दिल्ली का डॉक्टर बताया। बातचीत बढ़ने पर महिला उस पर भरोसा करने लगी। आरोपी बाद में रायपुर पहुंचा और संबंध बनाने का दबाव डालने लगा।
महिला ने विरोध किया तो आरोपी ने उससे बदसलूकी की और दुष्कर्म की कोशिश की। सफल न होने पर उसने तकनीक का इस्तेमाल कर महिला की तस्वीरों से नकली अश्लील वीडियो तैयार किया।
वीडियो वायरल करने की धमकी, 4 लाख वसूले
आरोपी ने वीडियो दिखाकर महिला को डरा दिया और सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर पैसे की मांग की। प्रतिष्ठा खराब होने के डर से महिला ने आरोपी को 4 लाख रुपए दे दिए।
ब्लैकमेलिंग से परेशान होकर शिकायत दर्ज
महिला कॉन्स्टेबल ने अंततः हिम्मत जुटाकर पुरानी बस्ती थाना में मामला दर्ज कराया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ BNS की धारा 308, 318, 351, 62 और 64 के तहत FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार आरोपी ने—
-
महिला की तस्वीरों को एडिट कर अश्लील बनाया
-
ब्लैकमेलिंग के लिए बार-बार धमकियां दीं
-
पैसे न देने पर वीडियो वायरल करने की चेतावनी दी
पुलिस अब आरोपी की धरपकड़ के लिए लगातार दबिश दे रही है।
मेट्रोमोनियल साइट्स ठगों का नया अड्डा
पिछले कुछ वर्षों में मेट्रोमोनियल प्लेटफॉर्म्स ऑनलाइन ठगी, साइबर फ्रॉड और ब्लैकमेलिंग के मामलों के लिए तेजी से कुख्यात हो रहे हैं। विशेषज्ञों के अनुसार फर्जी प्रोफाइल बनाकर ठग लोग भरोसा जीतते हैं और फिर पीड़ितों को जाल में फँसा लेते हैं।
