Surajpur Crime News: छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां शराब के नशे में धुत पति ने पत्नी की हत्या कर दी और वारदात के बाद शव के पास ही सो गया। सुबह जब उसकी नींद खुली तो वह अपनी हरकत देखकर हैरान रह गया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
लाछा गांव की घटना
यह घटना कोतवाली थाना क्षेत्र के लाछा गांव की है। मृतका की पहचान रानिया के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, पति-पत्नी दोनों शराब पीने के आदी थे और उनके बीच अक्सर विवाद होता रहता था।
कैसे हुई हत्या?
शनिवार की रात पति-पत्नी दोनों ने शराब पी। इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों के बीच झगड़ा बढ़ गया। गुस्से में आरोपी ने पास में रखी टांगी की बेंत से पत्नी के सिर और पेट पर कई वार कर दिए। हमले से रानिया की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी शराब के नशे में वहीं सो गया। सुबह होश आने पर उसे अहसास हुआ कि उसकी पत्नी की मौत हो चुकी है।
पुलिस की कार्रवाई
घटना की सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। हत्या में प्रयुक्त टांगी को भी जब्त किया गया है। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
