Suicide Case Bhilai-
भिलाई के वैशाली नगर थाना क्षेत्र में एक 24 साल के युवक ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। युवक की पहचान राजीव नगर निवासी सौरभ सोनकर के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि सौरभ दिनभर परिवार और दोस्तों के साथ होली खेलता रहा, लेकिन रात में उसका शव घर में फंदे से लटका मिला।

घर में फांसी लगाकर दी जान
जानकारी के मुताबिक सौरभ ने अपने ही घर में फांसी का फंदा लगाकर जान दे दी। जब परिजनों और दोस्तों को इसकी जानकारी मिली तो वे तुरंत उसे नीचे उतारकर भिलाई के एक निजी अस्पताल ले गए।
अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

अस्पताल के बाहर लगी भीड़
घटना के बाद अस्पताल के बाहर कुछ देर के लिए तनावपूर्ण माहौल बन गया। बड़ी संख्या में परिजन और जानने वाले अस्पताल पहुंच गए थे।
परिवार के लोग सौरभ को दूसरे अस्पताल ले जाने की तैयारी कर रहे थे, लेकिन बाद में उन्होंने शव को उसी अस्पताल की मर्च्यूरी में रखवा दिया।
परिजनों के मुताबिक, गुरुवार सुबह सुपेला स्थित लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल में शव का पोस्टमॉर्टम कराया जाएगा।

2 थानों की पुलिस पहुंची मौके पर
घटना की सूचना मिलते ही सुपेला थाना और वैशाली नगर थाना की पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने घर का मुआयना किया और आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है।
फिलहाल युवक के आत्महत्या करने की सटीक वजह सामने नहीं आई है। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच और पूछताछ के बाद ही पूरे मामले का खुलासा हो पाएगा।
