Stock Market 19 December-
भारतीय शेयर बाजार ने आज कारोबार की जोरदार शुरुआत की। शुरुआती कारोबार में बीएसई सेंसेक्स 384 अंकों तक चढ़ गया, जबकि एनएसई निफ्टी में भी 100 अंकों से ज्यादा की तेजी देखने को मिली। ग्लोबल संकेतों से मिले सपोर्ट और निवेशकों की खरीदारी के चलते बाजार में सकारात्मक माहौल बना रहा।
शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स-निफ्टी की स्थिति
सुबह करीब 9:20 बजे बीएसई सेंसेक्स 84,866.06 के स्तर पर ट्रेड करता नजर आया, जो 384.25 अंक या 0.45 फीसदी की बढ़त है। वहीं एनएसई निफ्टी 50 भी 104 अंक या 0.40 फीसदी की तेजी के साथ 25,926.90 के लेवल पर पहुंच गया।
निवेशकों की नजर इन अहम संकेतों पर
आज के कारोबारी सत्र में निवेशकों की नजर कई बड़े वैश्विक और घरेलू घटनाक्रमों पर बनी हुई है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर यूके की रिटेल सेल्स, यूरोजोन से ECB वेज ट्रैकर और अमेरिकी फेडरल रिजर्व के बैलेंस शीट डेटा पर बाजार की नजर है। वहीं घरेलू मोर्चे पर आरबीआई की MPC मीटिंग के मिनट्स और ताजा विदेशी मुद्रा भंडार के आंकड़ों का इंतजार किया जा रहा है।

एशियाई बाजारों से मिला सपोर्ट
एशियाई बाजारों में भी शुक्रवार को मजबूती देखने को मिली। बैंक ऑफ जापान ने करीब 30 साल बाद पहली बार ब्याज दरों में बढ़ोतरी करते हुए इसे 0.75 फीसदी कर दिया है। जापान का निक्केई 225 करीब 0.56 फीसदी चढ़ा, ऑस्ट्रेलिया का S&P/ASX 200 शुरुआती कारोबार में 0.52 फीसदी मजबूत रहा, जबकि दक्षिण कोरिया का कोस्पी भी 0.68 फीसदी की बढ़त के साथ ट्रेड करता दिखा।
अमेरिकी बाजार भी मजबूती के साथ बंद
वॉल स्ट्रीट भी बीती रात मजबूती के साथ बंद हुआ। S&P 500 ने चार दिन की गिरावट का सिलसिला तोड़ते हुए 0.79 फीसदी की बढ़त दर्ज की। उम्मीद से कम महंगाई के आंकड़ों के चलते 2026 में ब्याज दरों में कटौती की उम्मीदें बढ़ी हैं। इसके अलावा माइक्रोन टेक्नोलॉजी की मजबूत गाइडेंस ने भी बाजार को सपोर्ट दिया। नैस्डैक कंपोजिट 1.38 फीसदी उछला, जबकि डॉव जोन्स 0.14 फीसदी की बढ़त के साथ बंद हुआ।

इन शेयरों में दिखी सबसे ज्यादा हलचल
शुरुआती कारोबार में निफ्टी 50 में मैक्स हेल्थकेयर, टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हीकल, रिलायंस इंडस्ट्रीज, जियो फाइनेंशियल सर्विसेज और जोमैटो के शेयरों में तेजी देखने को मिली। वहीं दूसरी ओर श्रीराम फाइनेंस, भारती एयरटेल और ICICI बैंक के शेयरों में दबाव नजर आया। ओपनिंग ट्रेड में रिलायंस इंडस्ट्रीज, इंफोसिस, HDFC बैंक, L&T और बजाज फाइनेंस सबसे ज्यादा एक्टिव शेयरों में शामिल रहे।

