Rajya Sabha Election 2026 Chhattisgarh:
छत्तीसगढ़ में राज्यसभा चुनाव को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। बुधवार शाम कांग्रेस ने अपने प्रत्याशी का ऐलान करते हुए मौजूदा सांसद फूलो देवी नेताम को फिर से उम्मीदवार बनाया है। वहीं भारतीय जनता पार्टी पहले ही लक्ष्मी वर्मा को मैदान में उतार चुकी है।
विधानसभा के मौजूदा संख्या बल को देखते हुए राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि दोनों सीटों पर एक-एक उम्मीदवार का जीतना लगभग तय माना जा रहा है।

5 मार्च तक नामांकन, 16 मार्च को होगा मतदान
राज्यसभा चुनाव के लिए चुनाव आयोग ने पूरा कार्यक्रम जारी कर दिया है।
निर्वाचन कार्यक्रम इस प्रकार है:
-
📌 नामांकन की अंतिम तिथि: 5 मार्च 2026
-
📌 मतदान: 16 मार्च 2026
-
📌 मतगणना: मतदान के बाद उसी दिन
नामांकन प्रक्रिया 5 मार्च को सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक छत्तीसगढ़ विधानसभा भवन में पूरी की जाएगी।

इन सांसदों का खत्म हो रहा कार्यकाल
छत्तीसगढ़ से राज्यसभा के दो सांसदों का कार्यकाल 9 अप्रैल 2026 को समाप्त हो रहा है:
-
केटीएस तुलसी
-
फूलो देवी नेताम
इन्हीं दो सीटों के लिए यह चुनाव कराया जा रहा है।
पहली बार राज्यसभा जा सकती हैं लक्ष्मी वर्मा
बीजेपी ने इस चुनाव में लक्ष्मी वर्मा को उम्मीदवार बनाया है। अगर संख्या बल के अनुसार समीकरण बने रहे तो उनका पहली बार राज्यसभा पहुंचना तय माना जा रहा है।
वहीं कांग्रेस की फूलो देवी नेताम दूसरी बार राज्यसभा पहुंच सकती हैं।
विधानसभा में क्या है संख्या बल?
छत्तीसगढ़ विधानसभा में कुल 90 विधायक हैं।
पार्टीवार संख्या इस प्रकार है:
-
भाजपा: 54 विधायक
-
कांग्रेस: 35 विधायक
-
गोंडवाना गणतंत्र पार्टी: 1 विधायक
इसी संख्या बल के आधार पर माना जा रहा है कि एक सीट बीजेपी और एक सीट कांग्रेस के खाते में जाएगी।

क्या बदल सकते हैं सियासी समीकरण?
राजनीतिक गलियारों में चर्चा थी कि अगर कांग्रेस किसी बाहरी उम्मीदवार को उतारती, तो बीजेपी नवीन मारकंडे को भी मैदान में उतार सकती थी। बताया जा रहा है कि बीजेपी ने लक्ष्मी वर्मा के साथ नवीन मारकंडे के नाम से भी नामांकन फॉर्म खरीदा है।
हालांकि राज्यसभा चुनाव में वरीयता आधारित मतदान प्रणाली (Preferential Voting) होती है, इसलिए रणनीतिक वोटिंग से अंतिम समय में समीकरण बदलने की संभावना भी बनी रहती है।
