Pregnant Woman Constable Arrested in Durg:
छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले से एक ऐसा मामला सामने आया है जिसने पुलिस विभाग को सवालों के घेरे में ला खड़ा किया है। मोहन नगर थाना क्षेत्र में चोरी के एक केस में जब्त सोने के गहनों के कथित गबन के आरोप में बर्खास्त प्रधान महिला आरक्षक मोनिका गुप्ता को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। बताया जा रहा है कि वह 9 महीने की गर्भवती हैं और अब उन्हें जेल में ही बच्चे को जन्म देना पड़ सकता है।

क्या है पूरा मामला?
जानकारी के मुताबिक, 4 जुलाई 2022 को दुर्ग के सिंधिया नगर निवासी सोनल द्विवेदी के घर से 79 ग्राम सोने के जेवर और करीब 32 हजार रुपये नकद चोरी हुए थे। शिकायत मोहन नगर थाने में दर्ज की गई थी। उस समय थाने में पदस्थ प्रधान आरक्षक मोनिका गुप्ता ने केस दर्ज कर जांच शुरू की थी।
जांच के दौरान 30 जून 2023 को आरोपी को गिरफ्तार करने और चोरी का सामान बरामद करने की जानकारी दी गई। बरामद गहनों की कीमत करीब 2.5 लाख रुपये बताई गई।

बरामद गहने पीड़िता को नहीं मिले?
आरोप है कि बरामद किए गए जेवर पीड़िता को लौटाने के बजाय सुरक्षित जमा कराने के नाम पर अपने पास रख लिए गए। अधिकारियों को बताया गया कि गहने आरक्षी केंद्र की अलमारी में जमा कर दिए गए हैं, लेकिन विभागीय जांच में कथित तौर पर ऐसा कोई रिकॉर्ड नहीं मिला।
पीड़िता द्वारा बार-बार शिकायत करने के बाद मामला तूल पकड़ता गया और विभागीय जांच शुरू की गई।
FIR के बाद गिरफ्तारी
मामले में 4 मार्च 2025 को मोहन नगर थाने में FIR दर्ज की गई। इसके बाद आरोपी प्रधान आरक्षक फरार बताई गईं। लगभग 11 महीने बाद 2 फरवरी 2026 को पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी के समय यह भी सामने आया कि वह गर्भावस्था के अंतिम चरण में हैं।

पहले भी लगा था ठगी का आरोप
सूत्रों के अनुसार, मोनिका गुप्ता के खिलाफ इससे पहले भी नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी का मामला सामने आया था। आरोप है कि उन्होंने एक व्यक्ति से उसकी बेटी को पुलिस विभाग में नौकरी दिलाने का झांसा देकर राशि ली थी। विभागीय रिकॉर्ड में आरोपों की जांच और स्पष्टीकरण नोटिस का जिक्र किया गया है।
कानूनी प्रक्रिया आगे
पुलिस ने संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। अदालत में पेशी के बाद उन्हें न्यायिक हिरासत में भेजा गया है। अब आगे की जांच और कोर्ट की सुनवाई के आधार पर मामले की दिशा तय होगी।
