Pratappur Murder Case-
छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले के प्रतापपुर थाना क्षेत्र के ग्राम सरहरी में शादी समारोह के दौरान एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। दामाद ने देर रात ससुराल में घुसकर अपनी पत्नी, साली और एक अन्य महिला पर हथौड़े से हमला कर दिया। इस हमले में पत्नी की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि दो महिलाएं गंभीर रूप से घायल हैं।
घटना के बाद से आरोपी फरार है और पुलिस उसकी तलाश में लगातार दबिश दे रही है।

शादी की खुशियां मातम में बदलीं
जानकारी के मुताबिक, आरोपी गणेश कुशवाहा, निवासी परसापारा (रेवटी), अपने साले सुरेश कुशवाहा की शादी में शामिल होने ससुराल ग्राम सरहरी आया था। बरात वाड्रफनगर के सरना गांव से लौटने के बाद घर में शादी की रस्में पूरी हुईं और सभी लोग आराम करने चले गए।
इसी दौरान देर रात करीब 2 बजे आरोपी ने घर में रखा भारी हथौड़ा उठाया और सो रही पत्नी यशोदा कुशवाहा (32) के कमरे में पहुंच गया।
पत्नी के सिर पर हथौड़े से किया जानलेवा वार
आरोप है कि गणेश कुशवाहा ने अपनी पत्नी के सिर पर हथौड़े से जोरदार वार किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर अचेत हो गई। इसके बाद आरोपी दूसरे कमरे में पहुंचा और अपनी साली गंगोत्री कुशवाहा (28) के सिर पर भी हमला कर दिया।
इसके बाद आरोपी ने तीसरे कमरे में सो रही पिंकी कुशवाहा (30), निवासी करंजवार, प्रतापपुर, पर भी हथौड़े से हमला किया।
हमले के बाद पिंकी किसी तरह खुद को बचाकर बाहर निकली और शोर मचाया, जिससे घर के अन्य सदस्य जाग गए। लेकिन तब तक आरोपी मौके से फरार हो चुका था।

इलाज के दौरान पत्नी की मौत, दो महिलाएं गंभीर
घटना के बाद परिजनों ने तीनों घायलों को तत्काल अंबिकापुर अस्पताल पहुंचाया। जहां इलाज के दौरान यशोदा कुशवाहा की मौत हो गई।
वहीं गंगोत्री कुशवाहा की हालत गंभीर बनी हुई है, जिसे बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर किया गया है। पिंकी कुशवाहा का इलाज अंबिकापुर में जारी है और उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
पति-पत्नी के बीच लंबे समय से चल रहा था विवाद

प्राथमिक जांच में सामने आया है कि आरोपी और उसकी पत्नी के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। इसी विवाद के कारण पत्नी पिछले 6–7 महीनों से अपने मायके में रह रही थी।
पुलिस इस विवाद को हत्या की मुख्य वजह मानकर जांच कर रही है।

आरोपी की तलाश में पुलिस की तीन टीमें गठित
घटना की सूचना मिलते ही डीएसपी अनूप कुमार एक्का, थाना प्रभारी अमित कौशिक और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
एसएसपी प्रशांत कुमार ठाकुर के निर्देश पर आरोपी की गिरफ्तारी के लिए प्रतापपुर थाना, चंदौरा थाना और रेवटी चौकी की तीन अलग-अलग पुलिस टीमें गठित की गई हैं, जो संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं।
पुलिस का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
