Munawar Faruqui News-जैतपुर-कालिंदी कुंज रोड पर एनकाउंटर
दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने शुक्रवार सुबह जैतपुर-कालिंदी कुंज रोड पर मुठभेड़ के बाद गोल्डी बराड़ गैंग के दो शूटरों को गिरफ्तार किया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान राहुल (पानीपत, हरियाणा) और साहिल (भिवानी, हरियाणा) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, ये दोनों अपराधी कॉमेडियन मुनव्वर फारूकी की हत्या की साजिश रच रहे थे।
ट्रिपल मर्डर केस में फरार था राहुल
गिरफ्तार आरोपी राहुल दिसंबर 2024 में यमुनानगर ट्रिपल मर्डर केस में शामिल था और तभी से फरार चल रहा था। पुलिस के मुताबिक, गैंगस्टर रोहित गोदारा, गोल्डी बराड़ और वीरेंदर चारण के इशारे पर ये शूटर काम कर रहे थे।
मुनव्वर फारूकी थे टारगेट पर
जांच में सामने आया है कि दोनों शूटर पिछले कुछ दिनों से एक सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर की हत्या की प्लानिंग कर रहे थे। इसी दौरान मुनव्वर फारूकी उनके टारगेट पर आ गए। दोनों अपराधियों ने मुंबई और बैंगलोर में रेकी भी की थी।
हथियार और बाइक बरामद
मुठभेड़ के दौरान दोनों अपराधी घायल हो गए जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने उनके पास से हथियार और एक मोटरसाइकिल बरामद की है। फिलहाल दोनों से पूछताछ की जा रही है और पुलिस गैंग के बाकी सदस्यों की तलाश में जुटी है।
