IAS Akash Chhikara: छत्तीसगढ़ के युवा आईएएस अफसर आकाश छिकारा बस्तर जिले के नए कलेक्टर बनाए गए हैं. आइए जानते हैं इनके बारे में…
छत्तीसगढ़ में एक बार फिर आईएएस अफसरों के तबादले किए गए हैं। इनमें युवा आईएएस अधिकारी आकाश छिकारा का नाम भी शामिल है। उन्हें बस्तर जिले का नया कलेक्टर नियुक्त किया गया है। अब वे बस्तर की प्रशासनिक कमान संभालेंगे। इंजीनियर से आईएएस बनने तक का उनका सफर बेहद प्रेरणादायक रहा है, जिसमें पिता की एक सलाह ने उनकी पूरी जिंदगी की दिशा बदल दी।
कौन हैं IAS आकाश छिकारा?
आकाश छिकारा 2017 बैच के आईएएस अधिकारी हैं और मूल रूप से हरियाणा के रहने वाले हैं। उनके पिता भारतीय वायुसेना (एयर फोर्स) में कार्यरत थे। कुछ समय बाद परिवार दिल्ली शिफ्ट हो गया, जहां आकाश की प्रारंभिक और उच्च शिक्षा पूरी हुई। वे शुरू से ही एक मेधावी छात्र रहे हैं।
उन्होंने इलेक्ट्रॉनिक्स एंड टेलीकम्युनिकेशन ब्रांच से बीटेक किया है। पढ़ाई पूरी करने के बाद उनका कैंपस सेलेक्शन हुआ और उन्होंने एक निजी कंपनी में नौकरी जॉइन की। इसके बाद उन्होंने GATE परीक्षा भी पास की और दिल्ली की एक कंपनी में काम करने लगे, लेकिन इस नौकरी से उन्हें आत्मसंतुष्टि नहीं मिली।
यूपीएससी की ओर रुख और दो बार मिली असफलता
नौकरी के दौरान ही एक साथी से प्रेरित होकर आकाश छिकारा ने यूपीएससी की तैयारी शुरू की। उन्होंने पहली बार वर्ष 2014 में यूपीएससी परीक्षा दी, लेकिन दो बार असफलता हाथ लगी। लगातार असफलताओं के बाद वे मानसिक रूप से परेशान हो गए और आत्ममंथन करने लगे।
इसी दौरान उन्होंने अपने पिता से बातचीत की। पिता ने उन्हें सलाह दी कि नौकरी के साथ तैयारी करने से शायद पूरी ऊर्जा नहीं लग पा रही है और एक बार नौकरी छोड़कर पूरी तरह तैयारी करके देखनी चाहिए।
पिता की सलाह ने बदल दी किस्मत
पिता की इस सलाह को मानते हुए आकाश छिकारा ने नौकरी छोड़ दी और पूरी तरह यूपीएससी की तैयारी में जुट गए। इसका परिणाम यह रहा कि उन्होंने 2016 की यूपीएससी परीक्षा में सफलता हासिल कर ली। यह क्षण पूरे परिवार के लिए बेहद खुशी और गर्व का रहा।

छत्तीसगढ़ कैडर और अब तक की पोस्टिंग
आकाश को छत्तीसगढ़ कैडर मिला और साल 2017 को उनकी पहली पोस्टिंग सहायक कलेक्टर के तौर पर सरगुजा में हुई. इसके बाद वे मनेंद्रगढ़ के एसडीएम, जिला पंचायत सीईओ बने सूरजपुर, महासमुंद, दंतेवाड़ा के भी जिला पंचायत सीईओ बनाए गए. इसके बाद वे गरियाबंद, जांजगीर-चांपा जिले के कलेक्टर बनाए गए. कई जिलों में पोस्टिंग के बाद अब वे बस्तर के कलेक्टर बनाए गए हैं.

कई नवाचार और उल्लेखनीय उपलब्धियां
युवा आईएएस अफसर आकाश की जिन जिलों में पोस्टिंग रही है बेहतर काम कर उपलब्धियां हासिल की है. उन्होंने हेल्थ, शिक्षा, पर्यावरण, रोजगार, पर्यटन से लेकर कई क्षेत्रों में बेहतर काम कर जिलों को एक पहचान दिलाई है. इनके कामों की तारीफ भी हो चुकी है. मनेंद्रगढ़ में भुइयां ऐप , , सूरजपुर में गढ़ कलेवा तो महासमुंद में इको-टूरिज्म की शुरुआत, मनरेगा में दंतेवाड़ा को टॉप पर पहुंचाने, रायपुर में रीपा के मॉडल लकौली और कुसरंगी को लांच करने जैसे कई बड़े नवाचार किए हैं.

