
Elon Musk New Party
Elon Musk New Party -एलन मस्क ने बनाया नया राजनीतिक दल, नाम रखा ‘अमेरिका पार्टी’: कहा- रिपब्लिकन और डेमोक्रेट दोनों भ्रष्ट हैं, अब दो पार्टी सिस्टम से मिलेगी आज़ादी
वॉशिंगटन डीसी | 6 जुलाई 2025 — दुनिया के सबसे अमीर व्यक्तियों में शामिल और टेस्ला के सीईओ एलन मस्क ने अमेरिका में एक नया राजनीतिक दल बनाने का ऐलान किया है। उन्होंने इस पार्टी का नाम “अमेरिका पार्टी” रखा है और कहा है कि अब देश को दो पार्टी सिस्टम की गुलामी से आज़ादी मिलेगी।
मस्क ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व ट्विटर) पर इसकी घोषणा करते हुए लिखा, “आज अमेरिका पार्टी की स्थापना हो रही है ताकि आपको आपकी आज़ादी वापस मिल सके।” उन्होंने इससे पहले एक पब्लिक पोल भी चलाया था, जिसमें 65.4% लोगों ने नई पार्टी के पक्ष में वोट किया।
मस्क ने दोनों प्रमुख दलों को बताया भ्रष्ट
एलन मस्क ने अपने पोस्ट में लिखा, “अमेरिका को बर्बाद करने और भ्रष्टाचार फैलाने के मामले में रिपब्लिकन और डेमोक्रेट दोनों में कोई अंतर नहीं है।” उन्होंने कहा कि अमेरिका पार्टी जनता को सच्चा प्रतिनिधित्व देगी, जो मौजूदा राजनीतिक व्यवस्था से पूरी तरह अलग होगा।
अमेरिका का टू-पार्टी सिस्टम क्या है?
पिछले 150 सालों से अमेरिका में डेमोक्रेटिक और रिपब्लिकन पार्टी ही राजनीति पर हावी रही हैं।
-
डेमोक्रेटिक पार्टी की शुरुआत 1828 में हुई थी और इसे किसानों और आम लोगों की पार्टी माना जाता था।
-
रिपब्लिकन पार्टी की स्थापना 1854 में हुई थी और अब्राहम लिंकन इसके पहले राष्ट्रपति बने थे।
इन दोनों पार्टियों के बीच सत्ता का खेल चलता रहा है, लेकिन कोई भी तीसरी पार्टी अब तक स्थायी रूप से सफल नहीं हो पाई।
तीसरी पार्टी क्यों नहीं चल पाई?
-
फंडिंग की कमी
-
मीडिया कवरेज न मिलना
-
जनता द्वारा ‘वोट कटवा’ मान लेना
-
अमेरिकी चुनावी सिस्टम द्वारा दो पार्टी को बढ़ावा मिलना
1912 में थियोडोर रूजवेल्ट की बुल मूस पार्टी और 1992 में रॉस पेरोट की पार्टी ने थोड़ी बहुत सफलता पाई थी, लेकिन वे भी टिक नहीं पाईं।
मस्क और ट्रम्प के बीच खटास
मस्क और पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के रिश्ते तब बिगड़े जब मस्क ने “Big Beautiful Bill” का विरोध किया — यह टैक्स और सरकारी खर्च को नियंत्रित करने वाला बिल था। ट्रम्प ने मस्क पर निजी हितों को प्राथमिकता देने का आरोप लगाया।
इसके बाद मस्क ने ट्रम्प को “अहसान फरामोश” बताते हुए सोशल मीडिया पर कई हमले किए। हालांकि, 2024 के चुनाव में मस्क ने ट्रम्प के लिए ₹2500 करोड़ ($300 मिलियन से अधिक) खर्च किए और उन्हें “सुपर प्रेसिडेंट” तक कहा गया।
DoGE विभाग और मस्क की भूमिका
चुनाव जीतने के बाद ट्रम्प सरकार ने मस्क को “Department of Government Efficiency (DoGE)” का प्रमुख बनाया, जिसमें मस्क ने बड़े स्तर पर सरकारी कर्मचारियों की छंटनी की।
इससे मस्क के खिलाफ विरोध प्रदर्शन भी हुए, लेकिन ट्रम्प ने उनका साथ दिया। हालांकि बाद में मस्क और विदेश मंत्री मार्क रुबियो में एक बैठक में विवाद हो गया, जहां ट्रम्प ने पहली बार मस्क का समर्थन नहीं किया।
बिल विवाद और इस्तीफा
27 मई को मस्क ने सार्वजनिक रूप से ट्रम्प सरकार के टैक्स बिल की आलोचना की और तुरंत DoGE से इस्तीफा दे दिया। ट्रम्प ने इसके बाद 31 मई को मस्क को ‘गोल्डन चाबी’ भेंट की, लेकिन मस्क ने फिर से इस बिल को ‘राष्ट्रीय अपराध’ बताया।
अमेरिका पार्टी: आगे क्या?
मस्क का दावा है कि “अमेरिका पार्टी” देश के लोकतंत्र को नए रास्ते पर ले जाएगी और जनता को तीसरा विकल्प देगी। हालांकि, राजनीतिक विश्लेषक मानते हैं कि अमेरिकी व्यवस्था में तीसरी पार्टी की सफलता बेहद कठिन है।
लेकिन मस्क की धनशक्ति, तकनीकी पकड़ और सोशल मीडिया पर प्रभाव को देखते हुए, यह प्रयास इतिहास में पहली बार गंभीर चुनौती बन सकता है।
इन्हें भी देखे –
- रायपुर स्कूल में हेडमास्टर का शर्मनाक हरकत : महिला टॉयलेट में मोबाइल छिपाकर बनाता था वीडियो, 2 महीने से कर रहा था रिकॉर्डिंग
- बिहार: शादी के एक महीने बाद पति की हत्या, फूफा से अफेयर में पत्नी ने रचाई साजिश, झारखंड से बुलाए शूटर
