Dhamtari Road Accident-
छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में शनिवार सुबह दर्दनाक सड़क हादसे में CRPF के 3 जवानों और कार ड्राइवर की मौत हो गई। कार सामने चल रही ट्रक के पीछे जा घुसी। हादसे में एक जवान गंभीर रूप से घायल है, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद रायपुर रेफर किया गया है।
घटना अर्जुनी थाना क्षेत्र के खपरी बाईपास की बताई जा रही है।

देखिए पहले हादसे की तस्वीरें-






मृतकों की पहचान
पुलिस के अनुसार मृतकों की पहचान:
-
हेड कांस्टेबल मुकेश कुमार
-
SI उमेंद्र सिंह
-
कांस्टेबल राजकुमार गौड़
-
ड्राइवर हीरालाल नागर
घायल जवान का नाम अभिमान राय बताया गया है, जिनकी हालत गंभीर है।

जगदलपुर से रायपुर जा रहे थे जवान
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार CRPF के जवान जगदलपुर से रायपुर की ओर जा रहे थे। शनिवार सुबह जब वे धमतरी जिले के खपरी बाईपास के पास पहुंचे, तभी उनकी कार सामने चल रही ट्रक के पीछे जा टकराई।
टक्कर इतनी भीषण थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और एयरबैग खुल गए। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कार घूमकर सड़क पर पलटती हुई रुकी।
रेस्क्यू ऑपरेशन: कटर से निकाले गए शव
हादसे के बाद कार में सवार जवान और ड्राइवर फंस गए। ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस और प्रशासनिक टीम ने क्रेन, कटर और सब्बल की मदद से कार को काटकर शव और घायलों को बाहर निकाला।
दो जवानों की मौके पर ही मौत हो गई थी। बाकी तीन को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान ड्राइवर और एक जवान ने दम तोड़ दिया।

वरिष्ठ अधिकारी पहुंचे मौके पर
घटना की सूचना मिलते ही धमतरी CSP अभिषेक चतुर्वेदी, एडिशनल SP शैलेंद्र पांडेय और CRPF के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे।
पुलिस ने शवों का पंचनामा कर मॉर्चुरी में रखवा दिया है। परिजनों को सूचना दी जा रही है और मामले की जांच जारी है।
जांच के बिंदु
-
क्या ट्रक अचानक धीमा हुआ था?
-
क्या कार की रफ्तार अधिक थी?
-
सड़क पर विजिबिलिटी और सुरक्षा संकेतक की स्थिति क्या थी?
इन सभी पहलुओं पर पुलिस जांच कर रही है।
