Ambikapur Murder News-
अंबिकापुर: छत्तीसगढ़ से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला सनसनीखेज मामला सामने आया है। मामी-भांजे के रिश्ते की मर्यादा तोड़कर बने अवैध प्रेम संबंध का अंत खौफनाक हत्या में हुआ। जयनगर थाना क्षेत्र के मोरभंज इलाके में महिला की नृशंस हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी मृतका के पति का सगा भांजा है, जो लंबे समय से महिला के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहा था।
पति और बेटी को छोड़ भांजे के साथ रहने लगी थी महिला
पुलिस के अनुसार मृतका की पहचान पिंकी सोलंकी के रूप में हुई है। उसकी शादी करीब 9 साल पहले भैसामुंडा निवासी शिवदास से हुई थी। दोनों रोजगार की तलाश में अंबिकापुर आए थे, जहां उनकी एक बेटी भी हुई।
इसी दौरान शिवदास का भांजा हेमंत काम की तलाश में उनके संपर्क में आया और बाद में उसी घर में रहने लगा। जांच में सामने आया कि कुछ समय बाद पिंकी और हेमंत के बीच अवैध प्रेम संबंध बन गए।
कुछ वर्षों पहले पिंकी अपने पति और बेटी को छोड़कर हेमंत के साथ अलग रहने लगी। दोनों के रिश्ते इतने आगे बढ़ गए कि उनसे एक बच्चा भी हुआ।

शक और सोशल मीडिया बना हत्या की वजह
पुलिस जांच में सामने आया है कि पिछले कुछ महीनों से दोनों के रिश्तों में तनाव चल रहा था और वे अलग-अलग रहने लगे थे, हालांकि फोन पर बातचीत जारी थी।
आरोपी हेमंत को पिंकी के सोशल मीडिया इस्तेमाल और अन्य लोगों से संपर्क करने पर शक था। इसी शक और गुस्से में उसने महिला की हत्या की साजिश रची।
बर्थडे के बहाने ले गया, फिर उतारा मौत के घाट
पुलिस के मुताबिक 29 जनवरी को आरोपी अपने जन्मदिन का बहाना बनाकर पिंकी को घुमाने के लिए मोरभंज लेकर गया। दोनों ने कुछ समय साथ बिताया, फिर आरोपी उसे एक सुनसान जगह पर ले गया।
वहां पहले आरोपी ने दुपट्टे से गला दबाया। जब उसे शक हुआ कि महिला अभी जीवित है, तो उसने चाकू से गला रेतकर उसकी बेरहमी से हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
तकनीकी साक्ष्यों से आरोपी गिरफ्तार
महिला का शव मिलने के बाद जयनगर पुलिस ने गंभीरता से जांच शुरू की। कॉल डिटेल, तकनीकी साक्ष्य और स्थानीय इनपुट के आधार पर आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने हत्या की बात स्वीकार कर ली है।
जयनगर थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि इस वारदात में किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका तो नहीं रही।

इलाके में सनसनी, रिश्तों की जटिलता उजागर
इस घटना ने इलाके में सनसनी फैला दी है। अवैध संबंध, पारिवारिक विवाद और शक किस हद तक खतरनाक रूप ले सकते हैं, यह मामला उसकी भयावह मिसाल बन गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है।

