Minor Girl Was Murdered In Raipur-
छत्तीसगढ़ के दुर्ग-रायपुर इलाके में नाबालिग लड़की की नृशंस हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। भिलाई निवासी एक युवक ने अपनी नाबालिग गर्लफ्रेंड की सिर्फ इसलिए हत्या कर दी, क्योंकि उसने आरोपी और उसके दोस्त के साथ शारीरिक संबंध बनाने से इनकार कर दिया था। हत्या के बाद आरोपी ने शव को बाइक से रायपुर लाकर खाली प्लॉट में फेंक दिया।
सुसाइड दिखाने की कोशिश, मोबाइल से किए फर्जी चैट
पुलिस के मुताबिक, हत्या को आत्महत्या का रूप देने के लिए आरोपी ने नाबालिग के मोबाइल फोन से उसके दोस्तों को सुसाइड जैसे मैसेज भी भेजे। मामला रायपुर के न्यू राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र का है। पुलिस ने मुख्य आरोपी को उत्तर प्रदेश के प्रयागराज से गिरफ्तार कर लिया है।
ये भी पढ़े –रायपुर में बीड़ी नहीं देने पर चाकू से गोदकर हत्या, मलबे में मिली लाश; 2 नाबालिग गिरफ्तार
पहले देखिए ये तस्वीरें-



खाली प्लॉट में मिला था 16 साल की लड़की का शव
22 नवंबर 2025 को रायपुर के अमलीडीह स्थित सोलस हाइट्स कॉलोनी के पीछे एक खाली प्लॉट में 16 वर्षीय नाबालिग लड़की का संदिग्ध हालत में शव मिला था। सूचना मिलते ही न्यू राजेंद्र नगर थाना और एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट (ACCU) की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
घर से निकली थी, दो दिन से थी लापता
पुलिस जांच में सामने आया कि नाबालिग तेलीबांधा के काशीराम नगर की रहने वाली थी और पार्टियों में कैटरिंग का काम करती थी। वह दो दिन पहले घर से निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी थी। परिजन उसकी तलाश कर रहे थे, इसी दौरान शव मिलने की सूचना मिली।
ये भी पढ़े –छत्तीसगढ़ आरक्षक भर्ती रिजल्ट पर बवाल, प्रक्रिया पर उठे सवाल आंदोलनरत अभ्यर्थियों से क्या बोले डिप्टी सीएम विजय शर्मा?
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से खुला हत्या का राज
शव का पोस्टमॉर्टम कराया गया, जिसमें खुलासा हुआ कि लड़की की मौत गला दबाने से हुई है। इसके बाद पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच तेज कर दी।
आखिरी बार बॉयफ्रेंड और उसके दोस्त के साथ दिखी थी लड़की
जांच के दौरान पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले और लोगों से पूछताछ की। इसमें सामने आया कि लड़की को आखिरी बार तेलीबांधा के देवार बस्ती निवासी हरीश पटेल (23) और उसके साथी राहुल पटेल के साथ देखा गया था। दोनों वारदात के बाद से फरार थे।
ये भी पढ़े –कांकेर में आदिवासी–ईसाई समुदाय आमने-सामने, 2 चर्च में आग; शव दफनाने को लेकर हिंसा, ASP समेत 20 पुलिसकर्मी घायल
होटल में ले जाकर की हत्या
पूछताछ में आरोपी हरीश पटेल ने बताया कि 19 नवंबर 2025 को उसने लड़की को मिलने दुर्ग बुलाया था। वहां उसने दो कमरे बुक कराए और अपने दोस्त राहुल के साथ उसे होटल में ठहराया। अगले दिन दोनों ने लड़की पर जबरदस्ती शारीरिक संबंध बनाने का दबाव बनाया।

इनकार पर गमछा से घोंटा गला
जब नाबालिग ने शारीरिक संबंध बनाने से मना किया, तो गुस्से में आकर आरोपियों ने गमछे से उसका गला और मुंह दबाकर हत्या कर दी। इसके बाद शव को बाइक से दुर्ग से रायपुर लाया गया और न्यू राजेंद्र नगर इलाके के खाली प्लॉट में फेंक दिया गया।
शातिर चोर निकला आरोपी, 60 लाख की चोरी कबूल

पुलिस पूछताछ में यह भी सामने आया कि आरोपी हरीश पटेल शातिर चोर है। वह अपने साथियों के साथ रायपुर में 11 सूने मकानों में चोरी कर चुका है। पुलिस ने आरोपियों से करीब 60 लाख रुपए के सोने-चांदी के जेवर, नकदी, मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन बरामद किए हैं।

एक आरोपी फरार, तलाश जारी
इस मामले में एक आरोपी अभी फरार है, जिसकी तलाश पुलिस कर रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

