Dongargarh 4 year girl rape -4 साल की मासूम से दुष्कर्म की कोशिश, थाने का घेराव
छत्तीसगढ़ के डोंगरगढ़ में नवरात्र से पहले मानवता को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। शहर में 4 साल की मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म का प्रयास किया गया। रविवार शाम हुई इस घटना के बाद मोहल्ले के लोगों में आक्रोश फैल गया और उन्होंने देर रात थाने का घेराव कर आरोपी की गिरफ्तारी की मांग की।
बच्ची की हालत सामान्य
जानकारी के अनुसार, मासूम बच्ची रविवार की शाम ट्यूशन के लिए घर से निकली थी। वापस लौटने के बाद उसे शारीरिक पीड़ा हुई। जब उसने परिजनों को बताया तो पूरी घटना सामने आई। बच्ची को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने बताया कि फिलहाल बच्ची की हालत सामान्य है।
पुलिस जांच में जुटी
घटना की खबर फैलते ही मोहल्ले के लोग बड़ी संख्या में डोंगरगढ़ थाना पहुंचे और आरोपी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। लोगों के दबाव के बाद पुलिस ने कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने बताया कि वे घटना स्थल और आसपास के CCTV फुटेज की जांच कर रहे हैं और संदिग्धों की पहचान की जा रही है। अधिकारियों का दावा है कि आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
लोगों में गुस्सा, कानून व्यवस्था पर सवाल
शहर के बीचों-बीच हुई इस घटना ने लोगों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। आमजन का कहना है कि पुलिस को आरोपी को तुरंत गिरफ्तार कर कठोर सजा दिलानी चाहिए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।
