Amit shah controversial post -: अमित शाह के खिलाफ विवादित पोस्ट पर कांग्रेस नेता पर FIR, भाजपा कार्यकर्ताओं का हंगामा
छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह को लेकर सोशल मीडिया पर विवादित पोस्ट किए जाने से राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। मामले में कांग्रेस नेता अजय भास्वानी के खिलाफ FIR दर्ज की गई है।
24 घंटे तक नहीं हुई कार्रवाई, भड़के भाजपा कार्यकर्ता
मामला उस समय तूल पकड़ गया जब भाजपा कार्यकर्ताओं ने शिकायत दर्ज कराने के 24 घंटे बाद भी कार्रवाई न होने पर नाराजगी जताई। रविवार रात बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता कांकेर कोतवाली थाने पहुंच गए और थाना प्रभारी को हटाने की मांग को लेकर जमकर नारेबाजी की।
सांसद भोजराज नाग पहुंचे थाने

इस दौरान सांसद भोजराज नाग भी कार्यकर्ताओं के साथ मौजूद रहे। उन्होंने कहा – “देश के गृहमंत्री अमित शाह के भाषण के वीडियो से छेड़छाड़ कर सोशल मीडिया पर पोस्ट किया गया, जिससे भाजपा कार्यकर्ताओं और आम जनता की भावनाएं आहत हुई हैं। 24 घंटे बाद भी कार्रवाई न होना गंभीर है। जब सांसद और जनता का प्रतिनिधि कहने पर भी कार्रवाई नहीं हो रही, तो आम जनता को कैसे न्याय मिलेगा?”
कांग्रेस नेता पर FIR दर्ज
थाने में हंगामे और भाजपा नेताओं के दबाव के बाद पुलिस ने कांग्रेस नेता अजय भास्वानी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया। भाजपा नेताओं का कहना है कि यदि आरोपी पर तुरंत सख्त कार्रवाई नहीं की गई तो वे शासन को पत्र लिखकर थाना प्रभारी के खिलाफ भी कार्रवाई की मांग करेंगे।
भाजपा का रुख कड़ा
सांसद भोजराज नाग ने कहा कि अमित शाह का अपमान देश के गृहमंत्री के साथ-साथ जनता का भी अपमान है। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि पार्टी किसी भी प्रकार की मनमानी बर्दाश्त नहीं करेगी और संवैधानिक व्यवस्था के अनुसार कार्रवाई करनी होगी।
