Woman Gives Birth To A Baby Girl In Toilet -रायपुर। राजधानी रायपुर के डॉ. भीमराव अंबेडकर स्मृति चिकित्सालय (मेकाहारा) में एक अनोखा मामला सामने आया। आरंग से आई एक गर्भवती महिला ने शौचालय में ही बच्ची को जन्म दे दिया। महिला ने प्रसव पीड़ा को सामान्य शौच की जरूरत समझा और वॉशरूम चली गई। इसी दौरान उसने 2.4 किलो की स्वस्थ बच्ची को जन्म दिया।
स्टाफ की तत्परता से बची जान
जैसे ही अस्पताल स्टाफ को घटना की जानकारी मिली, ओपीडी टीम तुरंत मौके पर पहुंची और महिला को सुरक्षित प्रसव कक्ष में शिफ्ट किया। डॉक्टरों और नर्सिंग स्टाफ ने तुरंत मां और बच्ची दोनों की जांच की और आवश्यक इलाज उपलब्ध कराया।
मां-बेटी दोनों स्वस्थ
डॉक्टरों ने बताया कि नवजात को शिशु रोग विशेषज्ञों की देखरेख में रखा गया है। जन्म के तुरंत बाद बच्ची को अनिवार्य टीके लगा दिए गए। मां और बेटी दोनों की स्थिति स्थिर है और फिलहाल खतरे से बाहर हैं।
ब्लड ग्रुप में अंतर, एंटी-डी इंजेक्शन दिया गया
महिला का ब्लड ग्रुप नेगेटिव और बच्ची का ब्लड ग्रुप पॉजिटिव निकला। ऐसे मामलों में भविष्य की गर्भावस्था और शिशु के स्वास्थ्य पर असर पड़ सकता है। इसलिए महिला को तुरंत एंटी-डी (Rh(D) इम्युनोग्लोबुलिन) इंजेक्शन लगाया गया।
विशेषज्ञों की चेतावनी
विशेषज्ञों का कहना है कि कई बार प्रसव पीड़ा के दौरान महिला को अचानक मल त्यागने की तीव्र इच्छा महसूस होती है। यह संकेत होता है कि प्रसव बेहद नजदीक है। ऐसी स्थिति में तुरंत अस्पताल या प्रसव कक्ष पहुंचना जरूरी है ताकि किसी तरह की अनहोनी से बचा जा सके।
