Chhattisgarh News | Wedding Murder In Dhamtari-
छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में एक शादी समारोह के दौरान मामूली विवाद ने खूनी रूप ले लिया। चौथिया/परघनी कार्यक्रम के बीच बैंड बाजा वालों और लड़की पक्ष के बीच हुए झगड़े में दुल्हन के भाई चंदन निषाद (23) की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें दो नाबालिग भी शामिल हैं।

चौथिया कार्यक्रम में शुरू हुआ विवाद
जानकारी के मुताबिक, घटना मगरलोड थाना क्षेत्र के ग्राम भोथीडीह की है। टेटकूराम निषाद की बेटी की शादी के बाद चौथिया कार्यक्रम चल रहा था। बैंड बाजा बज रहा था और दोनों पक्ष के लोग मौजूद थे।
इसी दौरान किसी बात को लेकर धक्का-मुक्की शुरू हो गई। पहले तो मामला शांत होता दिखा, लेकिन जब लड़की पक्ष के लोग वापस लौट रहे थे, तब बैंड बाजा से जुड़े युवकों ने कथित रूप से हमला कर दिया।
दुल्हन के भाई को घोंपा चाकू, मौके पर मौत
हमले के दौरान चंदन निषाद पर चाकू से वार किया गया। गंभीर चोट लगने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
इस झड़प में चार अन्य लोग भी घायल हुए हैं, जिनमें तरुण ध्रुव की हालत गंभीर बताई जा रही है। उन्हें बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर किया गया है।
मृतक का शव पोस्टमार्टम के लिए मगरलोड स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया है।

पुलिस की त्वरित कार्रवाई, 7 आरोपी गिरफ्तार
धमतरी के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शैलेंद्र पांडे ने बताया कि घटना के बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
दो आरोपियों को विधि से संघर्षरत बालक (नाबालिग) के रूप में किशोर न्याय अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम:
-
तोरण चक्रधारी (18 वर्ष)
-
अभिषेक पटेल (20 वर्ष)
-
हिनेश उर्फ हिलेश्वर यादव (18 वर्ष)
-
ताम्रज कंवर (18 वर्ष)
-
गुलाब दीवान (20 वर्ष)
सभी आरोपी ग्राम भोथीडीह, थाना मगरलोड के निवासी बताए गए हैं। पुलिस ने सभी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

गांव में तनाव, सुरक्षा बढ़ाई गई
घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है। पुलिस प्रशासन ने एहतियातन क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी है ताकि किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति न बने।
