
Top Donors In Time 100 List-
मुकेश और नीता अंबानी को टाइम मैगजीन की पहली वैश्विक परोपकारी सूची में स्थान
टाइम मैगजीन ने मंगलवार, 20 मई को पहली बार दुनिया के 100 शीर्ष परोपकारी व्यक्तियों की सूची जारी की, जिसमें भारत से कई प्रमुख हस्तियों को स्थान मिला है। इस सूची में रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी और उनकी पत्नी नीता अंबानी को शामिल किया गया है, जिन्होंने रिलायंस फाउंडेशन के माध्यम से समाज सेवा में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।
रिलायंस फाउंडेशन का योगदान
रिपोर्ट के अनुसार, वर्ष 2024 में अंबानी दंपति ने शिक्षा, स्वास्थ्य, ग्रामीण विकास और महिला सशक्तिकरण जैसे क्षेत्रों में ₹407 करोड़ का दान दिया था। रिलायंस फाउंडेशन के जरिए उन्होंने देश के कोने-कोने में जरूरतमंदों तक मदद पहुंचाई।
अंबानी दंपति ‘टाइटन्स’ कैटेगरी में शामिल
टाइम की सूची को चार प्रमुख श्रेणियों में विभाजित किया गया है – टाइटन्स, लीडर्स, ट्रेलब्लेज़र्स, और इनोवेटर्स।
-
टाइटन्स कैटेगरी में मुकेश अंबानी और नीता अंबानी के अलावा विप्रो के संस्थापक अजीम प्रेमजी को शामिल किया गया है।
-
ट्रेलब्लेज़र्स कैटेगरी में जेरोधा के सह-संस्थापक निखिल कामथ का नाम आया है।
-
इनवेटर्स कैटेगरी में भारतीय मूल के अमेरिकी लेखक और पत्रकार आनंद गिरिधरदास को जगह मिली है।
-
लीडर्स श्रेणी में इस बार भारत से कोई प्रतिनिधि नहीं है।
अन्य वैश्विक हस्तियां भी सूची में
इस सूची में भारत के अलावा विश्वभर की कई जानी-मानी हस्तियों को शामिल किया गया है।
-
फुटबॉलर डेविड बेकहम और दिग्गज निवेशक वॉरेन बफेट को टाइटन्स में शामिल किया गया है।
-
जैक मा, डेरेन वॉकर, कैथरीन लोरेंज और हैली ली जैसे नाम भी इन विभिन्न श्रेणियों में शामिल हैं।
TIME100 Philanthropy 2025 का उद्देश्य
TIME100 फिलैंथ्रॉपी 2025 लिस्ट को TIME मैगेजीन ने दुनिया के सबसे प्रभावशाली परोपकारी व्यक्तियों को सम्मानित करने के लिए बनाया गया है, जो परोपकार के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं। लिस्ट में 28 देशों के लोग शामिल है।
दुनिया भर के टाइम रिपोर्टर्स, एडिटर्स और कॉन्ट्रीब्यूटर्स ने इस लिस्ट को असेंबल किया है। प्रोजेक्ट को आयशा जावेद ने लीड किया। लिस्ट को तैयार करने की प्रक्रिया TIME100 मोस्ट इंफ्लूएंशियल पीपल लिस्ट की तर्ज पर आधारित है, जिसमें विभिन्न क्षेत्रों से प्रभावशाली लोगों को चुना जाता है।
शिक्षा और स्वास्थ्य में अंबानी फाउंडेशन की भूमिका
रिलायंस फाउंडेशन द्वारा अब तक 10,000 से अधिक छात्रों को स्कॉलरशिप देकर शिक्षा प्रदान की जा चुकी है। इसके अलावा 500 से ज्यादा सरकारी और ग्रामीण स्कूलों का बुनियादी ढांचा मजबूत किया गया है। फाउंडेशन की पहल से 20 अस्पतालों का निर्माण भी हुआ है।
ग्रामीण क्षेत्रों में सकारात्मक बदलाव
ग्रामीण क्षेत्रों में स्थायी खेती और जल संरक्षण की तकनीक सिखाकर 10,000 से अधिक किसानों की आय बढ़ाई गई है। नीता अंबानी के नेतृत्व में 1 लाख से अधिक महिलाओं को कौशल विकास प्रशिक्षण देकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाया गया है।
विश्व के टॉप अमीर परिवारों में अंबानी फैमिली
इससे पहले ब्लूमबर्ग ने दुनिया के 25 सबसे अमीर परिवार की लिस्ट जारी की थी। इसमें अंबानी परिवार को 8.45 लाख करोड़ की नेटवर्थ के साथ 8वें नंबर पर रखा गया था। 3.5 लाख करोड़ की नेटवर्थ के साथ भारत का ही का मिस्त्री परिवार 23वें नंबर पर रहा।
कंज्यूमर रिटेल कंपनी वॉलमार्ट चलाने वाला वॉल्टन परिवार लिस्ट में सबसे ऊपर थे। लिस्ट में दूसरे और तीसरे नंबर पर UAE और कतर के शाही परिवार थे।
GDP के 10% के बराबर अंबानी समूह की वैल्यूएशन
सितंबर में बार्कलेज-हुरून इंडिया की मोस्ट वैल्यूएबल फैमिली बिजनेस 2024 की लिस्ट जारी हुई थी। इसके मुताबिक अंबानी फैमिली की वैल्यूएशन ₹25.75 ट्रिलियन है, ये भारत की GDP का लगभग 10% है।
बार्कलेज-हुरून इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, रिलायंस इंडस्ट्रीज की लीडरशिप में फैमिली का बिजनेस एम्पायर एनर्जी, रिटेल और टेलिकॉम सेक्टर्स का ऑपरेशन करता है। बार्कलेज-हुरून इंडिया की यह रैंकिंग 20 मार्च 2024 तक कंपनी की वैल्यूएशन पर बेस्ड है।