Sukma School News -शिक्षक ने 426 बच्चों के भोजन में मिलाई फिनाइल गोली, मचा हड़कंप
सुकमा. छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले के छिंदगढ़ विकासखंड अंतर्गत पाकेला पोटाकेबिन में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। यहां 426 बच्चों के भोजन में कथित तौर पर फिनाइल (जहर) मिलाने की कोशिश की गई। सजग अधीक्षक की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई के कारण भोजन को तुरंत बाहर फेंक दिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया और बच्चों की जान बच गई।
इस सनसनीखेज मामले के पीछे एक शिक्षक पर बदले की भावना से ऐसा कृत्य करने का आरोप है। घटना सामने आने के बाद संबंधित शिक्षक के खिलाफ तत्काल कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
कलेक्टर ने गठित की जांच समिति
मामले की गंभीरता को देखते हुए सुकमा कलेक्टर देवेश कुमार ध्रुव ने तुरंत तीन सदस्यीय जांच समिति गठित की है। इस समिति में एसडीएम सूरज कश्यप, डीएमसी उमाशंकर तिवारी और एपीसी आशीष राम शामिल हैं।
जांच टीम ने मौके पर पहुंचकर प्राथमिक जांच शुरू कर दी और संबंधित व्यक्तियों के बयान दर्ज किए। कलेक्टर ध्रुव ने स्पष्ट कहा –
“इस मामले को अत्यंत गंभीरता से लिया जा रहा है। दो दिनों के भीतर जांच रिपोर्ट आने के बाद दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी और दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। बच्चों की सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।”
भोजन में बदबू ने बचाई 426 बच्चों की जान
घटना का खुलासा तब हुआ जब भोजन में असामान्य बदबू आने पर अधीक्षक को शक हुआ। उन्होंने तत्काल भोजन को नष्ट कर दिया और वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना दी। यदि यह भोजन बच्चों तक पहुंच जाता तो 426 मासूमों की जान खतरे में पड़ सकती थी।

जांच जारी
जिला प्रशासन ने आरोपी शिक्षक और अन्य संदिग्धों के खिलाफ जांच तेज कर दी है। प्रारंभिक साक्ष्यों और गवाहों के बयानों को दर्ज किया जा रहा है। प्रशासन का कहना है कि दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा और बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी।

