
अंडर-19-सुहानी देवांगन ने रचा इतिहास, चारामा से पहली महिला क्रिकेटर बनीं जो राष्ट्रीय स्तर पर पहुंचीं
कांकेर जिले के चारामा क्षेत्र की सुहानी देवांगन ने एक ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है। वह चारामा से पहली महिला क्रिकेट खिलाड़ी बनी हैं जिन्हें राष्ट्रीय स्तर की CSCS अंडर-19 चैलेंजर ट्रॉफी के लिए साउथ जोन टीम में चुना गया है। इस उपलब्धि ने न केवल सुहानी को गौरव दिलाया है, बल्कि पूरे क्षेत्र को भी गर्व से भर दिया है।
चारामा क्रिकेट संगठन के अध्यक्ष अंकित गिरधर शर्मा ने बताया कि सुहानी ने इस मुकाम तक पहुंचने के लिए लगातार कठिन परिश्रम किया है। वह प्रतिदिन घंटों तक नेट पर अभ्यास करती थीं, जिसमें उनके पिता भी सक्रिय रूप से शामिल रहते थे और उन्हें बैटिंग की नियमित प्रैक्टिस करवाते थे।
सुहानी के प्रशिक्षण में निक्की स्पोर्ट्स का भी अहम योगदान रहा, जिसने उसे खेल संबंधी आवश्यक संसाधन और मार्गदर्शन उपलब्ध कराया। इसके साथ ही, चारामा क्रिकेट संगठन द्वारा दी गई ट्रेनिंग ने भी उसके खेल कौशल को निखारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
नगर के वरिष्ठ खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों ने सुहानी को इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर बधाई दी है। उन्होंने उम्मीद जताई है कि सुहानी आगे चलकर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चारामा, कांकेर और पूरे छत्तीसगढ़ का नाम रोशन करेंगी। उनकी यह सफलता क्षेत्र की अन्य युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा बनेगी और महिला क्रिकेट को नई दिशा देगी।
छत्तीसगढ़ इनसाइड न्यूज़ के वाट्सअप ग्रुप में एड होने के लिए क्लिक करे