
Road Accident In Raipur- छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के नवा रायपुर क्षेत्र में बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में वन मंत्री केदार कश्यप के भतीजे निखिल कश्यप की मौत हो गई। हादसा मंदिर हसौद थाना क्षेत्र अंतर्गत सत्य साईं अस्पताल के पास सुबह लगभग 4:30 बजे से 7:30 बजे के बीच हुआ, जब तेज रफ्तार बुलेट बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई।
हादसे के वक्त निखिल कश्यप अपने एक मित्र के साथ बाइक पर सवार था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी भीषण थी कि बुलेट बाइक के परखच्चे उड़ गए और निखिल को गंभीर चोटें आईं। दुर्घटना में निखिल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसका इलाज अस्पताल में जारी है।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही मंदिर हसौद पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है कि बाइक की रफ्तार कितनी थी और दुर्घटना के दौरान हेलमेट पहना गया था या नहीं।
सीएम विष्णु देव साय ने जताया शोक
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस हृदयविदारक हादसे पर ट्वीट कर गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने निखिल कश्यप के असामयिक निधन को राजनीतिक और व्यक्तिगत क्षति बताया और परिवार को इस कठिन समय में संबल देने की बात कही।
छत्तीसगढ़ में लगातार बढ़ रही सड़क दुर्घटनाओं ने राज्य की ट्रैफिक व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। खासकर युवाओं में तेज रफ्तार और बाइक स्टंट का चलन दुर्घटनाओं को बढ़ा रहा है। इस मामले में भी प्रारंभिक जानकारी के अनुसार तेज रफ्तार ही हादसे का मुख्य कारण मानी जा रही है।
इन्हें भी देखे –
- स्वच्छता सर्वेक्षण 2024-25 में नगर पंचायत नगरी की बड़ी छलांग, देशभर में हासिल किया 37वां स्थान
- छत्तीसगढ़ में जमीन की रजिस्ट्री पर नया कानून: 5 डिसमिल से कम भूमि की बिक्री पर रोक, नामांतरण प्रक्रिया होगी सरल
- उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ का इस्तीफा: स्वास्थ्य कारण बताए, संसद सत्र में पद छोड़ने वाले पहले उपराष्ट्रपति
