Reliance Stock Crash-
: मुकेश अंबानी की कंपनी रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड (RIL) के शेयर में निवेश करने वालों के लिए सोमवार का दिन बेहद खराब साबित हुआ। शुरुआती कारोबार में ही रिलायंस का शेयर 4 फीसदी से ज्यादा टूट गया, जिससे निवेशकों को भारी नुकसान झेलना पड़ा।
देश के सबसे अमीर कारोबारी मुकेश अंबानी (Mukesh Ambani) के नेतृत्व वाली मार्केट कैप के लिहाज से देश की सबसे बड़ी कंपनी रिलायंस इंडस्ट्रीज के निवेशकों (Reliance Investors) को सप्ताह के पहले कारोबारी दिन जोरदार झटका लगा। शेयर बाजार में गिरावट के बीच रिलायंस का शेयर देखते ही देखते क्रैश (RIL Stock Crash) हो गया
₹68,000 करोड़ की दौलत स्वाहा
रिलायंस के शेयर में करीब 4 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई, जिसका सीधा असर निवेशकों की संपत्ति पर पड़ा। Reliance Share Crash के चलते कंपनी के निवेशकों की लगभग 68,000 करोड़ रुपये की दौलत झटके में स्वाहा हो गई।
₹1461 से फिसलकर ₹1406 पर पहुंचा शेयर
रिलायंस इंडस्ट्रीज ने बीते सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन शुक्रवार को बाजार बंद होने के बाद अपने तीसरी तिमाही के नतीजों का ऐलान किया था। इसके बाद सोमवार को जब शेयर बाजार खुला, तो Reliance Stock अपने पिछले बंद 1461 रुपये के मुकाबले टूटकर 1450.60 रुपये पर खुला।
इसके बाद गिरावट और तेज होती चली गई। खबर लिखे जाने तक आरआईएल का शेयर करीब 4.20 फीसदी फिसलकर 1406.30 रुपये पर ट्रेड कर रहा था।
मार्केट कैप में भारी गिरावट
RIL शेयर में आई इस अचानक गिरावट से रिलायंस का मार्केट कैप भी बुरी तरह प्रभावित हुआ। Reliance Market Capital घटकर 19,04,996 करोड़ रुपये पर आ गया। जबकि पिछले कारोबारी दिन शुक्रवार को कंपनी का मार्केट कैप 19,72,493.21 करोड़ रुपये दर्ज किया गया था। इस तरह निवेशकों की संपत्ति में करीब 68,000 करोड़ रुपये की गिरावट दर्ज की गई।

बीते साल दिया था मजबूत रिटर्न
रिलायंस इंडस्ट्रीज के कारोबार में ऑयल टू केमिकल, डिजिटल और रिटेल डिवीजन प्रमुख भूमिका निभाते हैं। कंपनी के शेयर का 52 वीक हाई लेवल 1611.80 रुपये रहा है, जबकि 52 वीक लो लेवल 1114.85 रुपये है।
बीते साल के आखिरी महीने में रिलायंस का शेयर जोरदार तेजी के साथ कारोबार करता दिखा था। पिछले एक साल में इस शेयर ने करीब 15 फीसदी का रिटर्न दिया है, जबकि तीन साल की अवधि में यह लगभग 30 फीसदी का रिटर्न दे चुका है।
एक्सपर्ट्स ने बरकरार रखी Buy Rating
RIL Share में गिरावट के बावजूद ब्रोकरेज फर्मों का रुख सकारात्मक बना हुआ है। PL Capital ने रिलायंस शेयर पर अपनी Buy Rating बरकरार रखते हुए 1,683 रुपये का टारगेट प्राइस दिया है। ब्रोकरेज का कहना है कि कंपनी के नए एनर्जी प्रोजेक्ट्स सही दिशा में आगे बढ़ रहे हैं और जियो आईपीओ (JIO IPO) की तैयारियां भी जारी हैं।
वहीं, नुवामा (Nuvama) ने भी मुकेश अंबानी की कंपनी के शेयर को Buy Rating देते हुए 1,808 रुपये का टारगेट प्राइस तय किया है।

इन बड़े शेयरों में भी मची बिकवाली
जहां एक ओर रिलायंस के शेयर में भारी गिरावट देखने को मिली, वहीं देश की बड़ी कंपनियों की सूची में शामिल ICICI Bank का शेयर भी धड़ाम हो गया। ICICI Bank Share अपने पिछले बंद 1413 रुपये के मुकाबले सोमवार को 1399.90 रुपये पर खुला और फिर फिसलकर 1360 रुपये तक आ गया।
ICICI बैंक का मार्केट कैप भी गिरकर 9.80 लाख करोड़ रुपये रह गया। इसके अलावा विप्रो, इटरनल, टाइटन और टीसीएस जैसे बड़े शेयरों में भी भारी गिरावट देखने को मिली।
शेयर बाजार में गिरावट के बीच बीएसई सेंसेक्स 500 अंक से ज्यादा गिरकर कारोबार करता नजर आया, जबकि निफ्टी 150 अंक से अधिक की गिरावट के साथ ट्रेड कर रहा था।

