Raipur woman bag snatching -रायपुर। राजधानी रायपुर में दिनदहाड़े स्कूटी सवार बदमाशों ने महिला से बैग छीन लिया। घटना गुढ़ियारी थाना क्षेत्र की है। महिला मोबाइल पर बात करते हुए अपने घर की तरफ जा रही थी, तभी पीछे से आए दो अज्ञात बदमाश बैग झपटकर तेज रफ्तार से फरार हो गए। घटना का सीसीटीवी वीडियो सामने आया है, जिसमें महिला सड़क पर गिरकर चीखते हुए नजर आ रही है।
घटना ऐसे हुई
जानकारी के मुताबिक, महिला घर लौट रही थी तभी स्कूटी सवार दो युवक अचानक पीछे से पहुंचे और महिला के हाथ से बैग झपट लिया। वारदात इतनी तेजी से हुई कि महिला संतुलन खो बैठी और सड़क पर गिरकर जोर-जोर से चिल्लाने लगी। हालांकि तब तक आरोपी फरार हो चुके थे। फिलहाल बैग में कितनी रकम या सामान था, इसकी जानकारी स्पष्ट नहीं हो पाई है।
पुलिस की कार्रवाई
पीड़िता ने घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी। गुढ़ियारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच शुरू कर दी है। फुटेज खंगालकर आरोपियों की पहचान और तलाश जारी है।
कांग्रेस का हमला
रायपुर में दिन दहाड़े महिला से लूट, थाने के पास हुई वारदात
विष्णु के कुशासन में कानून व्यवस्था बेहाल…
जनता डरी-सहमी, अपराधी बेखौफ़। pic.twitter.com/6MJvlXY73K— INC Chhattisgarh (@INCChhattisgarh) September 13, 2025
इस वीडियो के वायरल होने के बाद कांग्रेस ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर सरकार पर सवाल उठाए। कांग्रेस का कहना है कि रायपुर में अपराधियों के हौसले बुलंद हो गए हैं और आम जनता डरी-सहमी हुई है।
