Raipur Truck Car Accident-
रायपुर, 23 फरवरी 2026। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में एक दर्दनाक सड़क हादसे में धान से लदा ट्रक कार पर पलट गया, जिससे कार में सवार पति-पत्नी और ड्राइवर की मौत हो गई। दंपती हाल ही में बाइपास सर्जरी के बाद अस्पताल से डिस्चार्ज होकर घर लौट रहे थे। घटना विधानसभा थाना क्षेत्र के नरदहा के पास हुई।

देखिए पहले हादसे की तस्वीरें-




बाइपास सर्जरी के बाद घर लौट रहे थे दंपती
मृतकों की पहचान राजकुमार शर्मा (66) और उनकी पत्नी पद्मा शर्मा, निवासी बलौदाबाजार के रूप में हुई है। हादसे में कैब ड्राइवर प्रवीण की भी मौत हो गई।
जानकारी के मुताबिक, राजकुमार शर्मा रायपुर के एमएमआई अस्पताल में 10 फरवरी से भर्ती थे, जहां उनकी सफल बाइपास सर्जरी हुई थी। रविवार को उन्हें अस्पताल से छुट्टी मिली, जिसके बाद वे पत्नी के साथ घर तिल्दा लौट रहे थे।
बेटे ने पुणे से ऑनलाइन कैब बुक की थी
दंपती के बड़े बेटे, जो पुणे में एक MNC में काम करते हैं, उन्होंने माता-पिता को घर पहुंचाने के लिए ऑनलाइन कैब बुक की थी। कैब जैसे ही पुरानी विधानसभा के पास नरदहा इलाके में पहुंची, तभी हादसा हो गया।
ट्रक ओवरटेक करते समय कार पर पलटा
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार स्पीड ब्रेकर के कारण धीमी हो गई थी। उसी दौरान पीछे से आ रहा धान से लदा ट्रक कार को ओवरटेक करने लगा। स्पीड ब्रेकर में झटका लगने से ट्रक का लॉकिंग हुक (पट्टा) टूट गया और ट्रक अनियंत्रित होकर कार पर पलट गया।
ट्रक और उसमें लदी धान की बोरियां सीधे कार पर गिर गईं, जिससे कार पूरी तरह दब गई।ड्राइवर की मौके पर मौत, दंपती ने अस्पताल में तोड़ा दम
हादसे में कैब ड्राइवर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पति-पत्नी कार में फंस गए। सूचना मिलने पर पुलिस और स्थानीय लोगों ने रेस्क्यू कर दोनों को बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया।
लेकिन इलाज शुरू होने के करीब आधे घंटे के भीतर ही दोनों की मौत हो गई।

पुलिस ने ट्रक ड्राइवर को हिरासत में लिया
DSP वीरेंद्र चतुर्वेदी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि ट्रक पलौद धान केंद्र से दोंदेकला की ओर जा रहा था। पुलिस ने ट्रक ड्राइवर को हिरासत में ले लिया है और उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
