Raipur Seva Pakhwada -पीएम मोदी का जन्मदिन: रायपुर में सेवा पखवाड़ा और समरस्ता महाआरती
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज (17 सितंबर) को अपना 75वां जन्मदिन मना रहे हैं। इस अवसर पर राजधानी रायपुर समेत प्रदेश भर में कई कार्यक्रम किए जा रहे हैं। भाजपा महिला मोर्चा और सनातन ध्वज वाहिनी की ओर से महादेव घाट में पीएम मोदी का जन्मदिन मनाने हेतु समरस्ता महाआरती का आयोजन किया जाएगा।
आयोजन समिति ने बताया कि इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और उनकी पत्नी कौशल्या साय होंगी। उनके साथ भाजपा के कई वरिष्ठ नेता और जनप्रतिनिधि समेत बड़ी संख्या में भाजपा महिला मोर्चा की पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल होंगी। महाआरती के जरिए एक दीप मां के नाम अभियान का संदेश दिया जाएगा।
पीएम मोदी का जन्मदिन और समाज में समरसता का संदेश

भाजपा महिला मोर्चा ने बताया कि यह महाआरती समाज में समरसता और एकता का संदेश देने के लिए की जा रही है। इस मौके पर पीएम मोदी का जन्मदिन सेवा और समर्पण दिवस के रूप में मनाया जाएगा।
मनेंद्रगढ़ में सेवा पखवाड़ा की शुरुआत
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले में सेवा पखवाड़ा अभियान की शुरुआत की गई। भाजपा कार्यकर्ताओं ने जय स्तंभ चौक, शीतला माई की मढ़िया और मुख्य मार्ग पर सफाई अभियान चलाया। कार्यकर्ताओं ने स्वच्छता को जन-आंदोलन बनाने का संकल्प लिया।
मछुआ कल्याण बोर्ड अध्यक्ष भरत मटियारा ने कहा कि सेवा पखवाड़ा समाजहित और राष्ट्रसेवा का प्रतीक है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से समाज के लिए छोटे-बड़े कार्यों में योगदान की अपील की।
रायपुर में पूजा-अर्चना और पीएम मोदी का जन्मदिन
रायपुर में भाजपा सिविल लाइन मंडल ने पीएम मोदी का जन्मदिन मनाते हुए कालीमाता मंदिर में पूजा-अर्चना की। उनकी लंबी आयु की कामना की गई। बीजेपी जिला अध्यक्ष रमेश ठाकुर, बीजेपी जिला उपाध्यक्ष ललित जैसिंघ, मंडल अध्यक्ष सुनील कुकरेजा समेत कई नेताओं ने शुभकामनाएं दीं।
CM साय ने सेवा पखवाड़ा की शुरुआत और पीएम मोदी को दी बधाई
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने रायपुर स्थित पंडित जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज में “स्वच्छता ही सेवा 2025 पखवाड़ा” की शुरुआत की। उन्होंने डोर-टू-डोर कचरा कलेक्शन वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया और स्वयं झाड़ू लगाकर स्वच्छता का संदेश दिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वच्छता सामूहिक जिम्मेदारी है और इसमें युवाओं की भागीदारी जरूरी है। उन्होंने प्रधानमंत्री के स्वच्छ भारत मिशन की सराहना करते हुए सभी को इसमें सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया।
इसके अलावा सीएम ने स्व-सहायता समूहों की महिलाओं से संवाद किया और विभिन्न योजनाओं जैसे पीएम आवास योजना 2.0, पीएम सूर्यघर योजना आदि की जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने “खुशियों का ठेला” योजना के अंतर्गत महिला वेंडर्स को यूपीआई साउंड बॉक्स भी वितरित किए।
सीएम साय ने सोशल मीडिया पर लिखा- “भारत के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी कुशल संगठन शिल्पी, अद्भुत प्रशासक और वैश्विक नेता हैं। छत्तीसगढ़ में विश्वास और विकास का वातावरण मोदी जी की गारंटी का परिणाम है। वर्ष 2047 तक विकसित भारत के उनके संकल्प के अनुरूप प्रयासरत रहना ही हमारे लिए सच्चा उपहार होगा। छत्तीसगढ़ की तीन करोड़ जनता की ओर से पीएम मोदी का जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं।”
पीएम मोदी का जन्मदिन: अन्नपूर्णा देवी ने की विशेष पूजा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 75वें जन्मदिवस के अवसर पर केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने रायपुर के गायत्री नगर स्थित भगवान जगन्नाथ मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना की। उन्होंने भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और देवी सुभद्रा के दर्शन कर प्रधानमंत्री के उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना की।
अन्नपूर्णा देवी ने कहा कि भगवान जगन्नाथ की कृपा से देश में शांति, समृद्धि और विकास और अधिक सशक्त होगा तथा प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत नई ऊंचाइयों को छू रहा है।
भाजपा का सेवा पखवाड़ा और पीएम मोदी का जन्मदिन
मोदी के जन्मदिवस पर भाजपा अलग-अलग आयोजन करने जा रही है। प्रदेश महामंत्री अखिलेश सोनी ने बताया कि, 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक चलने वाले इस अभियान में जनसेवा से जुड़े कई कार्यक्रम आयोजित होंगे।
17 सितंबर को रक्तदान शिविर से सेवा पखवाड़ा की शुरुआत हुई।
हर शिविर में कम से कम 75 यूनिट रक्तदान का लक्ष्य रखा गया।
सार्वजनिक स्थानों पर स्वच्छता अभियान भी चलाया जाएगा।
रायपुर और बिलासपुर सहित देश के 75 बड़े शहरों में नमो मैराथन आयोजित की जाएगी।
17 से 24 सितंबर तक स्वास्थ्य शिविर होंगे और प्रधानमंत्री का लाइव संबोधन प्रसारित किया जाएगा।
स्कूल, अस्पताल, रेलवे स्टेशन, बस अड्डे और मंदिरों सहित ऐतिहासिक स्थलों पर सफाई अभियान होगा।
हर बूथ पर “एक पेड़ मां के नाम” के तहत पौधारोपण किया जाएगा।
सेवा पखवाड़ा के तहत मोदी के जीवन पर डॉक्यूमेंट्री, प्रदर्शनी और प्रबुद्ध वर्ग संवाद कार्यक्रम होंगे।
दिव्यांग और विशिष्ट व्यक्तियों को सम्मानित किया जाएगा।
भाजपा सांसद खेलकूद प्रतियोगिता और विकसित भारत चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित करेगी।
25 सितंबर को पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती पर बूथ स्तर पर माल्यार्पण होगा।
2 अक्टूबर को गांधी और लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर उनके विचार आत्मसात किए जाएंगे।
