Raipur sand murum brick mafia -रेत-मुरुम और ईंट माफिया पर खनिज विभाग का एक्शन: रायपुर में अवैध उत्खनन पर सरप्राइज चेकिंग, गाड़ियां छोड़कर भागे आरोपी; नाव और हाईवा जब्त
रायपुर जिले में सक्रिय रेत-मुरुम और ईंट माफिया के खिलाफ खनिज विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। लगातार मिल रही शिकायतों के बाद जिला कलेक्टर के निर्देश पर विभागीय टीम ने सोमवार को सरप्राइज चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान अवैध उत्खनन और परिवहन करते हुए कई वाहन जब्त किए गए।
अधिकारियों के मुताबिक, सभी वाहनों को जब्त कर संबंधित थानों को सौंप दिया गया है। इन पर खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम 1957 के तहत सख्त प्रकरण दर्ज किया जाएगा।
मंदिर हसौद और नवापारा इलाके में दबिश

खनिज विभाग ने बताया कि 1 सितंबर को मंदिर हसौद और नवापारा इलाकों में छापामार कार्रवाई की गई। गोबरा नवापारा के ग्राम पारागांव स्थित महानदी में अवैध रेत उत्खनन पकड़ा गया। यहां से विभाग ने एक पोकलेन मशीन, एक रेत सेक्शन मशीन और एक नाव जब्त की।
अधिकारियों का कहना है कि अवैध खनन में शामिल व्यक्तियों की पहचान की जा रही है और सभी पर जल्द कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
अवैध खनन पर प्रशासन की अपील
खनिज विभाग ने प्रेस नोट जारी कर कहा कि प्राकृतिक संसाधनों की अवैध लूट रोकने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है। साथ ही, आम नागरिकों से अपील की गई है कि वे अवैध खनन और परिवहन की जानकारी तुरंत प्रशासन को दें, ताकि समय पर कार्रवाई हो सके।

प्रदेशभर में हो रहा अवैध उत्खनन
हालांकि प्रशासन की सख्ती के बावजूद प्रदेशभर में रेत-मुरुम माफिया सक्रिय हैं। जानकारी के मुताबिक, प्रदेश की पांच बड़ी नदियों में 47 प्रमुख स्थानों पर अवैध खुदाई धड़ल्ले से की जा रही है। कई जिलों से यह भी शिकायतें आई हैं कि कुछ राजनेताओं और उनके करीबियों की मिलीभगत से यह अवैध उत्खनन जारी है।
यह समस्या इतनी गंभीर हो चुकी है कि राजनांदगांव जिले में एक अवैध घाट पर गोलीकांड तक हो चुका है। इन घटनाओं के बीच रायपुर जिला प्रशासन ने साफ कहा है कि खनिज माफिया पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

