Raipur NHM -छत्तीसगढ़ में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) के संविदा कर्मचारियों की हड़ताल को 1 महीना पूरा हो गया है। सरकार ने 16 सितंबर तक काम पर लौटने का अल्टीमेटम दिया था, लेकिन कर्मचारी नहीं माने। इसके बाद सरकार ने कार्रवाई करते हुए 17 सितंबर को सूरजपुर जिले में 594 कर्मचारियों की सेवाएं समाप्त कर दीं।
अलग-अलग जिलों में बर्खास्तगी
इससे पहले 16 सितंबर को बलौदाबाजार में 160 और कोरबा में 21 कर्मचारियों को नौकरी से हटा दिया गया था। अब तक करीब 600 से अधिक कर्मचारियों को बर्खास्त किया जा चुका है।
आज होगा जेल भरो आंदोलन

NHM कर्मचारी अपनी 10 सूत्रीय मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे हैं। इनमें से 5 पर सरकार ने मौखिक सहमति दी है, लेकिन बाकी पर लिखित आश्वासन नहीं दिया गया। इसी के विरोध में आज रायपुर के तूता धरना स्थल पर जेल भरो आंदोलन किया जाएगा। इसमें रायपुर, दुर्ग और बिलासपुर संभाग से लगभग 10 हजार कर्मचारी शामिल होंगे।
कर्मचारी दे चुके हैं सामूहिक इस्तीफा


सरकार की कार्रवाई से पहले ही NHM कर्मचारी सामूहिक इस्तीफा दे चुके हैं। 3 सितंबर को 25 कर्मचारियों को बर्खास्त भी किया गया था, जिनमें संगठन के प्रदेश संरक्षक हेमंत सिन्हा और महासचिव कौशलेश तिवारी शामिल थे।
18 अगस्त से हड़ताल पर
NHM संविदा कर्मचारी 18 अगस्त से हड़ताल पर हैं। लंबे समय से जारी इस आंदोलन की वजह से प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाएं ठप होने लगी हैं।
