Raipur mahila thana : पति से विवाद के बाद महिला ने लगाई आग, गंभीर हालत में भर्ती
छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। महिला थाना परिसर में एक महिला ने खुद पर आग लगा ली। आग लगाने के बाद वह चीखते-चिल्लाते हुए दौड़ते हुए थाने के अंदर पहुंच गई। पुलिसकर्मियों और मौजूद लोगों ने तुरंत कपड़े और पानी डालकर आग पर काबू पाया।
गंभीर रूप से झुलसी महिला को तत्काल डीकेएस अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।
पति-पत्नी विवाद के बाद पहुंची थी काउंसलिंग के लिए

जानकारी के अनुसार, महिला वर्षा गोस्वामी पति के साथ विवाद के बाद काउंसलिंग के लिए महिला थाने पहुंची थी। दोपहर करीब 12 से 12.30 बजे वह बाहर बैठी थी, तभी अचानक उसने खुद पर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगा ली। इसके बाद वह चीखते हुए थाने के अंदर भागी। स्टाफ ने तुरंत आग बुझाने की कोशिश की और उसे अस्पताल भेजा।
बहन ने लगाए पति पर गंभीर आरोप
पीड़ित महिला की बहन रेणु धनगर ने बताया कि वर्षा ने साल 2020 में शिवम गोस्वामी से लव मैरिज की थी। शादी के बाद से ही शिवम उसके साथ मारपीट और प्रताड़ना करता था। शिवम जुआ और सट्टा खेलता है और अक्सर घर आकर झगड़ा करता है।
रेणु ने कहा कि शिवम ने बहन से कहा था कि वह उसके भाई-बहन को चाकू मार देगा और घर में आग लगा देगा। दिवाली से पहले भी उसने बहन का सिर फोड़ दिया था और इसकी शिकायत पुरानी बस्ती थाने में की गई थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।
“आधी रात को घर से निकाल देता था”
रेणु ने बताया कि शिवम अक्सर आधी रात को बहन को घर से बाहर निकाल देता था। मंगलवार की रात भी उसने गर्दन पर पैर रखकर धमकी दी कि जान से मार देगा।
पुलिस ने शुरू की जांच

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। महिला ने किस पदार्थ से आग लगाई, यह अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। फिलहाल पुलिस ने महिला के परिजनों से पूछताछ शुरू कर दी है और पूरे मामले की जांच जारी है।
