Raipur Ghotala News
राजधानी रायपुर में ट्रक डीलरशिप के कारोबार में बड़े वित्तीय घोटाले का मामला सामने आया है। टाटा मोटर्स की ट्रक डीलरशिप रामा मोटोकॉर्प प्राइवेट लिमिटेड में काम कर चुके एक मैनेजर ने बिलिंग में हेरफेर कर करीब 70 लाख रुपए का गबन कर लिया। मामले का खुलासा ऑडिट जांच में हुआ, जिसके बाद पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
ऑडिट में खुला राज, ऑफिस आना बंद कर दिया आरोपी
मामला खमतराई थाना क्षेत्र का है। फर्म के जनरल मैनेजर द्वारा जब नियमित ऑडिट कराया गया, तो पार्ट्स की बिलिंग में बड़ी गड़बड़ियां सामने आईं। जांच में पता चला कि पूर्व मैनेजर मुनीर अहमद ने लंबे समय तक फर्जी बिलिंग कर कंपनी को आर्थिक नुकसान पहुंचाया है। ऑडिट रिपोर्ट सामने आने के बाद आरोपी ने ऑफिस आना बंद कर दिया।
2020 से 2025 के बीच किया गबन
शिकायतकर्ता केतन चौधरी, जो बिरगांव-धनेली स्थित रामा मोटोकॉर्प प्राइवेट लिमिटेड में जनरल मैनेजर (पार्ट्स) के पद पर कार्यरत हैं, ने पुलिस को बताया कि मुनीर अहमद फर्म में मैनेजर के रूप में पदस्थ था।
आरोपी के जिम्मे ट्रक पार्ट्स की देखरेख और बिलिंग थी। इसी दौरान उसने 2020 से 2025 के बीच बिलों में हेरफेर कर 70 लाख रुपए से ज्यादा की राशि का गबन कर लिया।

डायरेक्टर के निर्देश पर दर्ज कराई शिकायत
ऑडिट में गड़बड़ी सामने आने के बाद जनरल मैनेजर ने फर्म के डायरेक्टर को जानकारी दी। उनके निर्देश पर खमतराई थाने में आरोपी के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई गई।

पुलिस ने शुरू की जांच
खमतराई थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर लिया है। विवेचना अधिकारियों का कहना है कि मामले से जुड़े दस्तावेजों और ऑडिट रिपोर्ट की जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपी से पूछताछ और आगे की कार्रवाई की जाएगी।

