Namo Yuva Marathon -पीएम मोदी का जन्मदिन, भाजयुमो करवाएगी मैराथन: रायपुर-बिलासपुर में होगी ‘नमो युवा दौड़’, सीएम-मंत्री होंगे शामिल; 10 हजार युवाओं को शामिल करने का टारगेट
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन को सेवा पखवाड़ा के रूप में मनाने की तैयारी जोरों पर है। भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के प्रदेश अध्यक्ष राहुल टिकरिहा ने बताया कि 21 सितंबर को रायपुर और बिलासपुर में भव्य कार्यक्रम आयोजित होगा। इस अवसर पर ‘युवा मैराथन–नमो युवा दौड़’ का आयोजन किया जाएगा।
छत्तीसगढ़ इनसाइड न्यूज़ के टेलीग्राम चैनल में एड होने के लिए क्लिक करे
फिटनेस और स्वास्थ्य के लिए जागरूकता अभियान
भाजयुमो अध्यक्ष राहुल टिकरिहा ने कहा कि इस दौड़ का मुख्य उद्देश्य युवाओं को फिटनेस और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना है। रायपुर में यह दौड़ मरीन ड्राइव तालाब से शुरू होकर जयस्तंभ चौक तक जाएगी। वहीं बिलासपुर में भी इसी तरह का आयोजन होगा।
अनुमान है कि इसमें 10,000 से अधिक युवा शामिल होंगे। छात्र-छात्राओं और युवा संगठनों को इसमें शामिल होने के लिए आमंत्रित किया गया है।
मुख्यमंत्री और मंत्री होंगे शामिल
इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, कैबिनेट मंत्री और भाजपा संगठन से जुड़े वरिष्ठ नेता मौजूद रहेंगे। टिकरिहा ने कहा कि यह दौड़ युवाओं को फिट इंडिया मूवमेंट से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।
पोस्टर और टी-शर्ट का हुआ लॉन्च
बुधवार को भाजयुमो अध्यक्ष ने ‘नमो युवा दौड़’ का पोस्टर और टी-शर्ट लॉन्च किया। उन्होंने कहा कि यह आयोजन केवल दौड़ नहीं, बल्कि युवाओं के जोश और देश की ऊर्जा का प्रतीक है।
सेवा पखवाड़ा के तहत कार्यक्रम
भाजयुमो ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिन 17 सितंबर को है। इसी अवसर पर पूरे देशभर में सेवा पखवाड़ा मनाया जा रहा है। उसी कड़ी में छत्तीसगढ़ में यह युवा दौड़ आयोजित की जा रही है।
युवाओं से की अपील
टिकरिहा ने युवाओं से बड़ी संख्या में शामिल होकर इस कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि “नमो युवा दौड़” से प्रदेश के युवा न सिर्फ फिटनेस के लिए प्रेरित होंगे, बल्कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में नई ऊर्जा और उत्साह का संदेश भी देंगे।
