
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को केरल के तिरुवनंतपुरम में 8900 करोड़ रुपये की लागत से तैयार विझिनजाम इंटरनेशनल डीप सी-वाटर मल्टीपर्पज सीपोर्ट का उद्घाटन किया। इस कार्यक्रम के दौरान पीएम मोदी ने मंच पर मौजूद केरल के मुख्यमंत्री पिनराई विजयन और कांग्रेस नेता शशि थरूर की मौजूदगी पर टिप्पणी करते हुए कांग्रेस पर व्यंग्य किया।
पीएम मोदी ने कहा, “मुख्यमंत्री जी, आप INDI गठबंधन के प्रमुख स्तंभ हैं। यहां शशि थरूर भी बैठे हैं। यह कार्यक्रम आज कुछ लोगों की नींद उड़ा देगा। जहां संदेश जाना था, वहां चला गया है।”
प्रधानमंत्री ने इस बंदरगाह को भारत के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया। उन्होंने कहा कि यह परियोजना ₹8,800 करोड़ की लागत से तैयार की गई है, और यह भविष्य में तीन गुना अधिक ट्रांस-शिपमेंट की सुविधा प्रदान करेगा। इससे भारी मालवाहक जहाज अब सीधे भारत में आ सकेंगे।
PM का आंध्र प्रदेश दौरा
केरल के कार्यक्रम के बाद प्रधानमंत्री आंध्र प्रदेश रवाना हुए। वे दोपहर 3:30 बजे अमरावती पहुंचे, जहां उन्होंने ₹58,000 करोड़ की लागत वाली विभिन्न विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन किया। इसमें अमरावती की राजधानी परियोजना को दोबारा शुरू करने की घोषणा भी शामिल थी।
प्रधानमंत्री के भाषण की प्रमुख बातें:
-
भारत में निवेश में वृद्धि – सागरमाला और गति शक्ति योजनाओं के तहत बंदरगाहों को आधुनिक किया गया है। सड़क, रेल, जल और हवाई मार्गों को जोड़कर व्यापार को सरल बनाया गया है, जिससे निवेशकों का विश्वास बढ़ा है।
-
केरल: शांति और सहिष्णुता की भूमि – पीएम मोदी ने कहा कि केरल प्राचीन काल से ही शांति और धार्मिक सहिष्णुता का प्रतीक रहा है। उन्होंने सेंट थॉमस चर्च और हाल ही में दिवंगत पोप फ्रांसिस का भी उल्लेख किया।
-
शीपोर्ट की क्षमता में इजाफा – पिछले दशक में भारत के बंदरगाहों की क्षमता दोगुनी हुई है, जलमार्गों की संख्या आठ गुना बढ़ी है। अब दो बंदरगाह दुनिया के टॉप 30 में शामिल हैं।
-
नाविकों की संख्या में वृद्धि – 2014 में जहां भारत में 1.25 लाख नाविक थे, वहीं अब यह संख्या 3.25 लाख हो गई है। भारत अब विश्व में सबसे अधिक नाविक उपलब्ध कराने वाले तीन देशों में शामिल है।
-
भारत की ऐतिहासिक समृद्धि – पीएम ने कहा कि ब्रिटिश उपनिवेशवाद से पहले भारत हजारों वर्षों तक एक समृद्ध देश था। भारत की समुद्री ताकत और व्यापार ही इसकी विशेषता थी, जिसमें केरल की भूमिका अहम रही।

ट्रांसशिपमेंट क्या है?
जब कोई विशाल जहाज किसी देश के पोर्ट पर माल लेकर आता है, लेकिन वह माल किसी अन्य देश या शहर भेजा जाना होता है, तो उस माल को वहां से छोटे जहाजों या वाहनों में लादकर आगे भेजा जाता है। इस प्रक्रिया को ट्रांसशिपमेंट कहा जाता है।
PM की केरल यात्रा
प्रधानमंत्री गुरुवार रात ही केरल पहुंचे थे। तिरुअनंतपुरम एयरपोर्ट पर सीएम विजयन, केंद्रीय मंत्री जॉर्ज कुरियन और कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने उनका स्वागत किया।
विझिनजाम पोर्ट की विशेषता
यह बंदरगाह देश का पहला सेमी-ऑटोमैटिक ट्रांसशिपमेंट पोर्ट है, जिसे भारत के समुद्री व्यापार को वैश्विक स्तर पर मजबूत करने के लिए बनाया गया है।

आंध्र प्रदेश में विकास परियोजनाएं
PM ने आंध्र प्रदेश के अमरावती में कैपिटल सिटी प्रोजेक्ट को दोबारा लॉन्च किया। साथ ही, तिरुपति, श्रीकालहस्ती, मालाकोंडा और उदयगिरी किले जैसे धार्मिक स्थलों को जोड़ने वाले 7 नेशनल हाईवे परियोजनाओं का शिलान्यास किया।
रेलवे परियोजनाएं
-
बुग्गनपल्ले सीमेंट नगर से पन्यम तक डबल रेल लाइन
-
रायलसीमा से अमरावती के बीच नई रेल लाइन
-
न्यू वेस्ट ब्लॉक हट केबिन से विजयवाड़ा के बीच तीसरी रेल लाइन
-
गुंटकल पश्चिम से मल्लप्पा गेट के बीच रेल ओवर रेल कॉरिडोर
आवास और प्रशासनिक भवनों की नींव रखी
प्रधानमंत्री ने ₹11,240 करोड़ की लागत से बनने वाले 5,200 घरों, विधानसभा भवन, उच्च न्यायालय, सचिवालय और अन्य प्रशासनिक इमारतों का शिलान्यास किया।
लैंड पूलिंग योजना के तहत सड़कों का निर्माण
अमरावती में 20,400 करोड़ की लागत से 1281 किलोमीटर लंबी आधुनिक सड़कें बनाई जाएंगी, जिनमें सेंट्रल मीडियन, साइकिल ट्रैक जैसी सुविधाएं होंगी। इन सड़कों के लिए 29 गांवों के 38,851 एकड़ जमीन का अधिग्रहण किया गया है और इन किसानों को भी कार्यक्रम में आमंत्रित किया गया।