ऑटो सेक्टर की दिग्गज कंपनी मारुति सुजुकी इंडिया लिमिटेड गुजरात में बड़ा निवेश करने जा रही है। कंपनी गुजरात के खोरज में नया कार मैन्युफैक्चरिंग प्लांट लगाने के लिए 35,000 करोड़ रुपये का निवेश करेगी। इस प्रोजेक्ट से करीब 12,000 लोगों को प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार मिलने की उम्मीद है।
हर साल बनेंगी 10 लाख कारें
मारुति सुजुकी का यह नया प्लांट पूरी तरह चालू होने के बाद हर साल 10 लाख (1 मिलियन) कारों का उत्पादन करेगा। यह प्लांट कंपनी की मौजूदा उत्पादन क्षमता को और मजबूत करेगा और घरेलू व निर्यात बाजारों की बढ़ती मांग को पूरा करने में मदद करेगा।
1,750 एकड़ जमीन पर लगेगी फैक्ट्री
यह मेगा प्लांट गुजरात इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन (GIDC) द्वारा दी गई 1,750 एकड़ जमीन पर स्थापित किया जाएगा। गांधीनगर में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान मारुति सुजुकी के MD और CEO हिताशी ताकेउची ने मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल को निवेश पत्र सौंपा।
इस मौके पर उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी ,मारुति सुजुकी के होल-टाइम डायरेक्टर सुनील कक्कड़ भी मौजूद रहे।
मात्र 50 रूपये/ प्रतिदिन की दर से वेबसाइट में प्रचार कराए
गुजरात बनेगा ऑटो मैन्युफैक्चरिंग हब
मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि यह निवेश सहायक इकाइयों , MSME सेक्टर ,ऑटो कंपोनेंट इंडस्ट्री
को मजबूती देगा और गुजरात में मजबूत ऑटो मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर विकसित करेगा।
उन्होंने भारत-जापान साझेदारी की सराहना करते हुए कहा कि मारुति सुजुकी का यह फैसला गुजरात के इंडस्ट्री-फ्रेंडली माहौल, आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर और पॉलिसी-आधारित शासन पर वैश्विक भरोसे को दर्शाता है।
डिप्टी CM हर्ष संघवी ने क्या कहा?
डिप्टी सीएम हर्ष संघवी ने X पर पोस्ट कर कहा,
“यह गुजरात की ग्रोथ स्टोरी के लिए गर्व का क्षण है। ऐसे बड़े निवेश राज्य में नौकरियां, इनोवेशन और औद्योगिक विकास को नई दिशा देंगे।”
मात्र 50 रूपये/ प्रतिदिन की दर से वेबसाइट में प्रचार कराए
1983 से भारत में कार निर्माण कर रही है मारुति
भारत की सबसे बड़ी कार निर्माता कंपनी मारुति सुजुकी ने 1983 में हरियाणा के गुरुग्राम में अपनी पहली प्रोडक्शन यूनिट शुरू की थी। आज कंपनी देश के ऑटोमोबाइल सेक्टर की रीढ़ मानी जाती है।