Mahasamund murder news-
महासमुंद | 18 जनवरी 2026
छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में कोडार डैम के पास मिली जली हुई महिला की लाश के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। करीब 10 महीने बाद अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझाते हुए पुलिस ने आरोपी सूरज ध्रुव को गिरफ्तार कर लिया है। जांच में सामने आया कि आरोपी ने गहनों की लालच में महिला की गला घोंटकर हत्या की और पुलिस से बचने के लिए शव को जला दिया।
जंगल में जली लाश मिलने से मचा था हड़कंप
गौरतलब है कि 2 अप्रैल 2025 को महासमुंद जिले के कोडार डैम क्षेत्र के सागौन जंगल में एक अज्ञात महिला की जली हुई और क्षत-विक्षत लाश मिली थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर डीएनए टेस्ट कराया।
डीएनए रिपोर्ट आने के बाद मृतका की पहचान धमतरी निवासी 55 वर्षीय सुनीता रजक के रूप में हुई।
मड़ई मेला देखने आई थी, रास्ते में हुई लापता
पुलिस जांच में सामने आया कि सुनीता रजक अपनी बड़ी बहन के घर ग्राम पटेवा मड़ई मेला देखने आई थी। मेला देखने के बाद महासमुंद जाने के लिए उन्होंने एक अज्ञात युवक से मोटरसाइकिल पर लिफ्ट ली, जिसके बाद से वे लापता हो गईं।
परिजनों ने सुनीता की गुमशुदगी की रिपोर्ट पटेवा थाना में दर्ज कराई थी।
लिफ्ट देने वाला युवक ही निकला हत्यारा
गुमशुदगी और डीएनए पहचान के बाद पुलिस ने महिला को लिफ्ट देने वाले व्यक्ति की तलाश शुरू की। जांच के दौरान खल्लारी थाना क्षेत्र के खुंटेरी गांव निवासी सूरज ध्रुव का सुराग मिला।
शनिवार को पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने हत्या की वारदात कबूल कर ली।
डेढ़ माह तक बंद मकान में रखा, फिर रची हत्या की साजिश
आरोपी ने पुलिस को बताया कि 30 जनवरी 2025 को उसने पटेवा बस्ती के नंदी चौक के पास सुनीता को बाइक पर बैठाया था। महासमुंद छोड़ने का झांसा देकर वह उसे कोडार डैम घुमाने ले गया।
आरोपी ने काम दिलाने और साथ रखने का भरोसा देकर उसे अपने जीजा के घर के पीछे लंबे समय से बंद मकान में करीब डेढ़ महीने तक रखा।

गहनों के लालच में गला घोंटकर हत्या, फिर जलाई लाश
जब महिला घर जाने की जिद करने लगी, तब आरोपी ने गहनों के लालच में हत्या की योजना बनाई।
आरोपी महिला को कोडार डैम के पास ले गया और साड़ी से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी।
सबूत मिटाने और पहचान छिपाने के लिए आरोपी ने शव को आग के हवाले कर दिया।
पहले भी कर चुका है पत्नी की हत्या
पुलिस जांच में यह भी खुलासा हुआ कि आरोपी सूरज ध्रुव पहले भी अपनी पत्नी की हत्या के मामले में 6 साल की सजा काट चुका है। जेल से छूटने के बाद उसने दोबारा लूट और हत्या जैसी जघन्य वारदात को अंजाम दिया।

न्यायिक रिमांड पर भेजा गया आरोपी
हत्या का खुलासा होने के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

