Mahasamund Murder News -छत्तीसगढ़ के महासमुंद से दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। पत्नी ने अपने प्रेमी और पिता-भाई के साथ मिलकर पति की हत्या कर दी। शव को तालाब में फेंक दिया गया था और पहचान न होने पर पुलिस ने उसे दफना दिया। करीब एक साल बाद कब्र खोदकर शव निकाला गया, डीएनए टेस्ट के बाद सच्चाई सामने आई और पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
कैसे हुआ पूरा मामला?
👉 घटना सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र की है। युवती लवली सिंह और आकाश सिंह ने घरवालों की मर्जी के खिलाफ भागकर शादी की थी। इससे युवती के परिजन नाराज थे। लवली का एक्स बॉयफ्रेंड अभिनव सिंह पहले से ही युवती और उसके परिवार का खर्च उठाता था।
परिजनों और अभिनव ने दोनों को घर बुलाया और विवाद के बाद आकाश की हत्या कर दी।
तालाब में मिला था शव
29 सितंबर 2024 को महासमुंद के घोड़ारी तालाब में एक अज्ञात युवक का शव मिला था। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में सिर पर चोट के निशान पाए गए ,शव की पहचान न होने पर पुलिस ने उसे दफना दिया।
कब्र से निकाला गया शव


जांच के दौरान पुलिस को रायपुर के खम्हारडीह थाने में दर्ज एक गुमशुदगी रिपोर्ट मिली। शव का हुलिया गुमशुदा युवक आकाश से मिलता था। 24 सितंबर 2025 को पुलिस ने कब्र खोदकर शव निकाला। डीएनए टेस्ट और परिजनों की पहचान से पुष्टि हो गई कि वह शव आकाश का ही है।
खुला हत्या का राज
छानबीन में सामने आया कि लवली, शादी से पहले ही 5 साल से अभिनव के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में थी। अगस्त 2024 में लवली और आकाश ने भागकर शादी कर ली थी ,परिजन और अभिनव इस शादी के खिलाफ थे। 25 सितंबर 2024 को लवली के पिता, भाइयों और अभिनव ने आकाश को घर बुलाया और पीट-पीटकर हत्या कर दी।
हत्या के बाद आरोपियों की चालाकी

शव को स्कूटी पर लादकर तालाब में फेंका गया। इसके बाद लवली ने पिता और भाइयों के साथ उत्तर प्रदेश के जालौन में शरण ली। शक न हो इसके लिए लवली सोशल मीडिया पर आकाश के साथ तस्वीरें डालती रही।
पुलिस की कार्रवाई

महासमुंद पुलिस ने लवली सिंह,अभिनव सिंह ,अभिलाख सिंह, गौरव सिंह ,वीरू सिंह को गिरफ्तार कर लिया। एडिशनल एसपी प्रतिभा पांडेय ने बताया कि सभी आरोपियों पर हत्या (धारा 302) ,साक्ष्य छुपाने (धारा 201) और अन्य धाराओं में केस दर्ज कर कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
