LPG Crisis-
अमेरिका, इजराइल और ईरान के बीच बढ़ते युद्ध तनाव का असर अब छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में भी दिखाई देने लगा है। कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कमी के कारण शहर के 20 से अधिक रेस्टोरेंट बंद हो चुके हैं, जिससे होटल और फूड बिजनेस पर बड़ा असर पड़ा है।

100 से ज्यादा रेस्टोरेंट में से कई बंद
जानकारी के मुताबिक रायपुर शहर में 100 से अधिक बड़े रेस्टोरेंट संचालित होते हैं। लेकिन इन दिनों कई जगहों पर कमर्शियल गैस सिलेंडर की आपूर्ति नहीं हो पा रही है, जिसके चलते रेस्टोरेंट संचालकों को अपने प्रतिष्ठान अस्थायी रूप से बंद करने पड़े हैं।
गैस की कमी के कारण रसोई संचालन मुश्किल हो गया है।

शादी-ब्याह के सीजन पर भी असर
एलपीजी संकट का असर शादी और कैटरिंग कारोबार पर भी पड़ रहा है। कैटरिंग व्यवसाय से जुड़े लोगों को समय पर सिलेंडर नहीं मिल पा रहे हैं, जिससे कार्यक्रमों की तैयारियों में परेशानी हो रही है।
कई कैटरर्स को अब वैकल्पिक इंतजाम करने पड़ रहे हैं।
होटलों के पास केवल 2-3 दिन का स्टॉक
शहर के कई बड़े होटलों के पास कमर्शियल गैस का केवल 2 से 3 दिन का स्टॉक ही बचा हुआ है। यदि जल्द ही गैस सप्लाई सामान्य नहीं हुई तो आने वाले दिनों में और ज्यादा होटल और रेस्टोरेंट बंद होने की आशंका है।

फूड कारोबारियों में बढ़ी चिंता
लगातार घटती गैस सप्लाई के कारण होटल, रेस्टोरेंट और कैटरिंग व्यवसाय से जुड़े लोगों की चिंता बढ़ गई है। कारोबारियों का कहना है कि अगर जल्द ही सप्लाई सामान्य नहीं हुई तो फूड इंडस्ट्री को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है।
