Korba Triple Murder Case -कोरबा ट्रिपल मर्डर: तंत्र-मंत्र के नाम पर तीन हत्याएं, कबाड़ कारोबारी अशरफ मेमन भी मारे गए
छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में सामने आए ट्रिपल मर्डर केस ने पूरे राज्य को हिला दिया है। बिलासपुर के तांत्रिक समेत छह आरोपियों ने मिलकर तंत्र विद्या के नाम पर तीन लोगों की बेरहमी से हत्या कर दी। इस सनसनीखेज वारदात में स्क्रैप व्यवसाय से जुड़े चर्चित कबाड़ कारोबारी अशरफ मेमन की भी जान चली गई।
5 लाख को ढाई करोड़ बनाने का लालच, यहीं से शुरू हुई खूनी साजिश
पुलिस जांच में सामने आया है कि बिलासपुर निवासी तांत्रिक आशीष दास ने 5 लाख रुपए को तंत्र-मंत्र से ढाई करोड़ बनाने का झांसा दिया था। इसी लालच में पहले नीतीश राठौर, फिर अशरफ मेमन और अंत में सुरेश साहू को एक-एक कर मौत के घाट उतार दिया गया।

पहले देखिए ये तस्वीर-



फॉर्म हाउस में चला तंत्र-मंत्र का नाटक, बाहर खड़े थे हत्यारे
बुधवार शाम करीब 4 बजे तांत्रिक आशीष दास अपने साथियों के साथ कोरबा पहुंचा। बरबसपुर स्थित अशरफ मेमन के स्क्रैप यार्ड में तांत्रिक अनुष्ठान शुरू किया गया। कमरे के बाहर आरोपी खड़े थे और दीवार में बने छेद के जरिए नायलॉन की रस्सी अंदर डाली गई थी।
मुंह में नींबू डालकर घोंटा गला, चीख तक नहीं निकल सकी
जैसे ही कमरे के अंदर से इशारा मिलता, बाहर खड़े आरोपी रस्सी को जोर से खींचते थे। पीड़ितों के मुंह में नींबू रख दिया गया था ताकि वे कोई आवाज न कर सकें। इसी खौफनाक तरीके से तीनों की हत्या की गई।
पहले नीतीश, फिर अशरफ और आखिर में सुरेश की गई जान

सबसे पहले नीतीश राठौर को कमरे में बुलाकर जमीन पर बैठाया गया और तंत्र-मंत्र का नाटक शुरू किया गया। अचानक उसके गले में रस्सी डालकर बाहर से खींचा गया और कुछ ही पलों में उसकी मौत हो गई। इसके बाद अशरफ मेमन को पैसा बरसने का भरोसा देकर बुलाया गया और उसी तरीके से उसकी भी हत्या कर दी गई। अंत में सुरेश साहू को आखिरी प्रक्रिया के बहाने अंदर बुलाकर गला घोंट दिया गया।
बेटे की जिद से खुला राज, बंद कमरे में मिले तीनों शव
अशरफ मेमन अपने साथ बेटे को भी फॉर्म हाउस लाया था, जिसे बाहर रोका गया था। काफी देर तक जब अशरफ बाहर नहीं आए तो बेटे ने दरवाजा खुलवाया। अंदर का नजारा देखकर सब सन्न रह गए। बंद कमरे में तीनों मृत पड़े थे।
पत्नी का आरोप: 5 दिन से पैसों को लेकर बना रहे थे दबाव
मृतक सुरेश साहू की पत्नी गुड़िया देवी ने बताया कि बिलासपुर का संजय साहू पिछले पांच दिनों से उनके पति पर किसी काम के लिए दबाव बना रहा था। रात में घर से बुलाकर ले गया और उसके बाद संपर्क टूट गया।

कोरबा का बड़ा कबाड़ कारोबारी था अशरफ मेमन
अशरफ मेमन कोरबा और आसपास के जिलों में कबाड़ कारोबार का बड़ा नाम था। करीब 40 छोटे-बड़े कबाड़ी दुकानदार उससे जुड़े हुए थे। उस पर जुआ, मारपीट, बलवा, हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट जैसे कई मामले दर्ज थे।
तांत्रिक समेत 6 आरोपी गिरफ्तार, कोर्ट ने भेजा जेल
कोरबा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नीतिश ठाकुर ने बताया कि तांत्रिक आशीष दास, राजेंद्र जोगी, केशव सूर्यवंशी, अश्वनी कुर्रे, संजय साहू उर्फ लव कुमार साहू और भागवत प्रसाद को गिरफ्तार कर लिया गया है। सभी को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया है।

