Korba Raipur Bikers -कलेक्टर-SP के सामने बाइकर्स का हुड़दंग, साइलेंसर से पटाखे फोड़े: अफसरों के सामने शोर मचाया, कोरबा में लोग बोले- रोज उत्पात मचाते हैं, 8 पकड़ाए
छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में स्वतंत्रता दिवस पर बाइकर्स ने जमकर हुड़दंग मचाया। युवकों ने SECL कॉलोनी और मानिकपुर चौकी क्षेत्र में बाइक के साइलेंसर से पटाखे फोड़े और जोर-जोर से शोर मचाया। इस मामले में पुलिस ने 8 युवकों को पकड़ा है। वहीं सोशल मीडिया पर उनका हुड़दंग करने का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है।
अफसरों के कार्यक्रम के दौरान हुई घटना


घटना उस समय हुई जब एसपी सिद्धार्थ तिवारी, कलेक्टर अजीत वसंत और वन विभाग के अधिकारी आत्मानंद स्कूल में एक कार्यक्रम में मौजूद थे। हेलीपैड के पास पौधरोपण कार्यक्रम चल रहा था, तभी बाइकर्स ने साइलेंसर से पटाखे फोड़ना शुरू कर दिया।
जैसे ही अधिकारियों को इसकी जानकारी मिली, तुरंत पुलिस और वनकर्मियों को मौके पर भेजा गया। पुलिस को देखते ही बाइकर्स के बीच अफरा-तफरी मच गई। पुलिसकर्मी युवकों को पकड़ने के लिए उनके पीछे दौड़ पड़े।

8 बाइकर्स पकड़ाए, सभी की बाइक जब्त

पुलिस और वनकर्मी को देखकर बाइकर्स इधर-उधर भागने लगे, लेकिन पुलिस ने पीछा कर 8 युवकों को पकड़ लिया। उनकी सभी बाइकें जब्त कर ली गईं और उन्हें मानिकपुर चौकी ले जाया गया, जहां उन पर कार्रवाई की जा रही है।
लोगों ने जताई नाराजगी
स्थानीय कॉलोनीवासियों का कहना है कि ये बाइकर्स रोज इसी तरह का उत्पात मचाते हैं। जब कोई रोकने की कोशिश करता है तो ये गाली-गलौज और मारपीट की धमकी देते हैं।
मानिकपुर चौकी प्रभारी नवीन पटेल ने बताया कि पकड़े गए बाइकर्स पर कार्रवाई की जा रही है। अन्य आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ भी सख्त कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि जिले के थाना-चौकियों और यातायात विभाग की ओर से पहले से ही तेज रफ्तार और पटाखा फोड़ने वाले बाइकर्स के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है।
रायपुर में भी 9 स्टंटबाज युवक गिरफ्तार

इधर, राजधानी रायपुर में भी स्वतंत्रता दिवस पर नवा रायपुर की सड़कों पर बाइक से स्टंट कर रहे 9 युवकों को पुलिस ने गिरफ्तार किया। ये सभी युवक स्टंट करते हुए वीडियो बना रहे थे और उसे सोशल मीडिया पर अपलोड कर रहे थे। पुलिस को जानकारी मिलते ही तत्काल कार्रवाई की गई।
सभी आरोपियों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत केस दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की गई है।
