korba-caf-jawan-shoots-in-laws -CAF जवान ने साली-चाचा ससुर की गोली मारकर हत्या की: कोरबा में ड्यूटी छोड़कर ससुराल पहुंचा, फिर सर्विस राइफल से दोनों पर दागी गोलियां
कोरबा जिले में छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल (CAF) के जवान ने अपनी सर्विस राइफल से साली और चाचा ससुर की हत्या कर दी। वारदात हरदी बाजार थाना क्षेत्र की है। घटना के बाद भाग रहे आरोपी जवान को ग्रामीणों ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। वहीं, परिजनों और ग्रामीणों ने चक्काजाम कर विरोध जताया। मौके पर भारी पुलिस बल तैनात है।
छत्तीसगढ़ इनसाइड न्यूज़ के टेलीग्राम चैनल में एड होने के लिए क्लिक करे
मृतकों की पहचान
मृतकों की पहचान साली मदालसा बिन्धराज (21) और चाचा ससुर राजेश कुमार (35) के रूप में हुई है। मदालसा कॉलेज में पढ़ाई करती थी। बताया जा रहा है कि हत्या की वजह घरेलू विवाद है। पुलिस ने आरोपी की सर्विस इंसास राइफल जब्त कर ली है और पूछताछ कर रही है।
आरोपी जवान और पारिवारिक विवाद

जानकारी के मुताबिक, आरोपी जवान टेसराम बिंझवार उर्फ जगन्नाथ बिंझवार CAF कैंप मड़वारानी में आरमोरार (बंदूक की सफाई) पद पर पदस्थ है। करीब दो साल पहले उसकी शादी अवध बाई से हुई थी। पति-पत्नी के बीच विवाद के चलते पारिवारिक बैठक के बाद दोनों अलग हो गए थे।
ऐसे दिया वारदात को अंजाम
बुधवार को उसकी ड्यूटी रिजर्व बल में लगी थी, लेकिन वह सुबह ही ड्यूटी छोड़कर पैदल घर पहुंचा और सर्विस राइफल उठाकर उमेंदी भांठागांव चला गया। वहां मंदिर चौक के पास उसने पहले साली को घर में घुसकर दो गोलियां मारी। इसके बाद जब चाचा ससुर राजेश कुमार ने उसे पकड़ने की कोशिश की, तो मेन रोड पर उसे भी दो गोलियां मार दीं।
दोनों को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
ग्रामीणों ने पकड़ा जवान

वारदात के बाद जब आरोपी जवान भागने लगा, तो ग्रामीणों ने उसे पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जानकारी CAF कैंप अधिकारियों को भी दे दी गई है।
पुलिस का बयान
कोरबा एसपी सिद्धार्थ तिवारी ने बताया कि शुरुआती जांच में घटना की वजह घरेलू विवाद सामने आई है। हालांकि मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।
