Karur Stampede at Vijay Rally: तमिलनाडु के करूर में शनिवार रात अभिनेता-से-राजनेता बने विजय की रैली में भीषण भगदड़ मच गई। इस हादसे में 39 लोगों की मौत हो गई और 95 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं। घायलों का इलाज अलग-अलग अस्पतालों में चल रहा है।
कैसे हुई भगदड़?
तमिलनाडु के डीजीपी जी. वेंकटरमन ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि ,आयोजकों ने पुलिस को 10 हजार लोगों के आने का अनुमान दिया था। लेकिन रैली स्थल पर करीब 27 हजार लोग उमड़ पड़े। विजय को दोपहर में आना था, लेकिन वह शाम 7.40 बजे पहुंचे। लोग सुबह से ही मैदान में उमड़ने लगे, भोजन और पानी की कमी से हालात बिगड़ते चले गए।
த. வெ. க கூட்டத்தில் போலீசார் தடியடி..
இது தான் கூட்ட நெரிசல் ஏற்பட காரணம்? #KarurStampede #Karur pic.twitter.com/2LSYLaVqdu
— Karthik M (@karthikwtp) September 27, 2025
वीडियो में दिखा दर्दनाक नजारा
घटना के बाद सोशल मीडिया पर कई वीडियो सामने आए हैं: भगदड़ मचते ही लोग पास की झोपड़ी में घुसकर जान बचाने लगे। झोपड़ी में जगह न मिलने पर लोग छप्पर फाड़कर बाहर निकलते दिखे। एक वीडियो में महिलाएं भगदड़ के बाद जमीन पर रोते-बिलखते और मदद के लिए पुकारते नजर आ रही हैं। चारों तरफ बिखरे जूते-चप्पल और दौड़ती-भागती भीड़ रैली की अराजक तस्वीर बयां कर रही थी।
पुलिस और प्रशासन की सफाई
डीजीपी ने कहा कि हमारा मकसद किसी पर आरोप लगाना नहीं है, बल्कि तथ्य बताना है। रैली के लिए दोपहर 3 बजे से रात 10 बजे तक की अनुमति ली गई थी। आयोजकों को पहले ही भीड़ बढ़ने की आशंका और सुरक्षा प्रबंधन के बारे में बताया गया था। भीड़ संभालने के लिए मौके पर पहले से 20 हजार लोगों की सुरक्षा व्यवस्था थी, लेकिन 27 हजार पहुंचने से हालात बिगड़े।
जांच आयोग का गठन
तमिलनाडु सरकार ने इस हादसे की जांच के लिए जांच आयोग की घोषणा की है। मौके पर एडीजीपी (कानून व्यवस्था) डेविडसन ऐरवथम, 3 आईजी, 2 डीआईजी, 10 एसपी और 2000 से ज्यादा पुलिसकर्मी करूर भेजे गए हैं।
विजय के घर की सुरक्षा बढ़ाई गई
इस हादसे के बाद चेन्नई में अभिनेता विजय के घर की भी सुरक्षा बढ़ा दी गई है। अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल प्राथमिकता घायलों को राहत और पीड़ित परिवारों को सहायता पहुंचाने की है।
