Ennore Thermal Power Accident-थर्मल पावर स्टेशन में बड़ा हादसा, 30 फीट ऊपर से गिरा आर्च, दबकर 9 की मौत
चेन्नई के एनोर (Ennore) स्थित नॉर्थ चेन्नई थर्मल पावर स्टेशन में मंगलवार को बड़ा हादसा हो गया। निर्माणाधीन आर्च लगभग 30 फीट की ऊंचाई से गिर गया, जिसकी चपेट में आकर 9 मजदूरों की मौके पर मौत हो गई, जबकि 10 से अधिक श्रमिक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तुरंत नॉर्थ चेन्नई के स्टेनली सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसा अचानक हुआ और देखते ही देखते मौके पर अफरातफरी मच गई। कई मजदूर मलबे में दब गए जिन्हें बड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया।
घायलों की स्थिति
सूत्रों ने बताया कि एक मजदूर की हालत बेहद नाजुक है, जबकि अन्य 10 से अधिक को गंभीर चोटें आई हैं। पुलिस और बचाव दल राहत कार्य में जुटे हैं।
जांच जारी
अवाडी पुलिस आयुक्त ने बताया कि आर्च गिरने के सटीक कारणों का पता लगाया जा रहा है। फिलहाल बचाव अभियान जारी है और हादसे की विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है।
इससे पहले भी हुआ था हादसा
गौरतलब है कि इसी साल फरवरी में मदुरै के मट्टुथवानी बस स्टैंड पर स्थित ऐतिहासिक आर्च गिराने के दौरान भी बड़ा हादसा हुआ था। उस समय एक अर्थमूवर चालक की मौत हो गई थी और ठेकेदार गंभीर रूप से घायल हुआ था।
