Earthquake in Sonipat
सोनीपत और दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र में सोमवार सुबह 8:44 बजे भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए। भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 2.8 से 4.0 के बीच बताई जा रही है। इससे पहले तिब्बत में भी 4.0 तीव्रता का भूकंप दर्ज किया गया था।
सोनीपत और आसपास के इलाकों में महसूस हुए तेज झटके
हरियाणा के सोनीपत में सोमवार सुबह 8:44 बजे अचानक आए भूकंप के झटकों से लोग दहशत में आ गए। स्थानीय लोगों के अनुसार, झटके इतने तेज थे कि घरों की दीवारें, खिड़कियां और बिस्तर हिलने लगे। घबराए लोग अपने घरों से बाहर निकल आए।
भूकंप के झटके सोनीपत के साथ-साथ आसपास के इलाकों जैसे रोहतक और झज्जर के कुछ हिस्सों में भी महसूस किए गए। लोगों ने इन झटकों को हाल के महीनों में आए भूकंप की तुलना में अधिक तेज बताया है।

दिल्ली-एनसीआर में भी महसूस हुआ भूकंप
नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी (NCS) ने बताया कि दिल्ली में भी भूकंप के झटके महसूस किए गए। शुरुआती जानकारी के अनुसार, भूकंप की तीव्रता हल्की से मध्यम श्रेणी की रही, जिसे रिक्टर स्केल पर अनुमानित 3.0 से 4.0 के बीच दर्ज किया गया।
NCS ने दी आधिकारिक जानकारी
नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी (NCS) के अनुसार, आज सुबह 8:44 बजे उत्तर भारत में एक बार फिर भूकंप के झटके महसूस किए गए। NCS ने बताया कि भूकंप की तीव्रता 2.8 मैग्नीट्यूड रही और इसका केंद्र उत्तर दिल्ली (North Delhi) में था।
NCS के अनुसार, इससे पहले तिब्बत में भी भूकंप के झटके महसूस किए गए थे, जिसकी तीव्रता रिक्टर स्केल पर 4 मापी गई थी।

जोन-4 में आता है दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र
गौरतलब है कि दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र जोन-4 यानी उच्च भूकंप संवेदनशील क्षेत्र में आता है। माना जा रहा है कि यह भूकंप स्थानीय फॉल्ट लाइनों, जैसे दिल्ली-मेरठ फॉल्ट या अरावली रेंज से जुड़ी फॉल्ट लाइनों की वजह से आया है।
हाल के महीनों में दिल्ली-एनसीआर में 2.5 से 4.0 मैग्नीट्यूड तक के कई हल्के झटके महसूस किए जा चुके हैं, जिन्हें भूगर्भीय ऊर्जा के रिलीज का संकेत माना जा रहा है।

