Durg news -दुर्ग (छत्तीसगढ़): पुलिस को 11 साल पुराने हत्या के मामले में बड़ी सफलता मिली है। नंदिनी टाउनशिप में साल 2014 में हुए एक हत्या कांड का मुख्य आरोपी कुंवर सिंह ठाकुर उर्फ सन्नी (41) आखिरकार पुलिस के हत्थे चढ़ गया। आरोपी लंबे समय से फरार था और लगातार भेष बदलकर गिरफ्तारी से बच रहा था।
होली के दिन हुआ था हत्या का विवाद
यह वारदात 17 मार्च 2014 की है। होली के दिन नंदिनी टाउनशिप, वार्ड क्रमांक 13 में युवक राकेश दास की बेरहमी से पिटाई कर हत्या कर दी गई थी।
पीड़ित के साथी विष्णु ने पुलिस को बताया था कि वे आरोपीगण से पानी पाउच मांगने गए थे। इसी बात पर गाली-गलौज शुरू हुई और आरोपियों ने लकड़ी के पट्टे से हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने के बाद राकेश की मौत हो गई थी।
पहले ही 6 आरोपी जेल में
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने जसपाल सिंह, रतन दत्ता, दीपक धर, मंजीत सिंह, रितेश पासवान और दीपक उर्फ मोनू शुक्ला को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। लेकिन मुख्य आरोपी कुंवर सिंह उर्फ सन्नी वारदात के बाद से फरार हो गया था।
भेष बदलकर छिपता रहा आरोपी
पुलिस प्रवक्ता पद्मश्री तंवर ने बताया कि आरोपी लगातार ठिकाने बदलता रहा और अलग-अलग भेष बनाकर पुलिस को गुमराह करता रहा। धारा 173(8) के तहत विवेचना जारी थी।
हाल ही में साइबर तकनीक और सूचना संकलन से पुलिस को कुंवर सिंह के जामुल थाना क्षेत्र के कुरूद स्थित ढाचा भवन में छिपे होने की जानकारी मिली।
18 सितंबर को दबोचा गया
सूचना के आधार पर 18 सितंबर 2025 को पुलिस टीम ने छापा मारकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में कुंवर सिंह ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। इसके बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया गया और न्यायिक रिमांड पर भेजने की तैयारी की जा रही है।
11 साल पुराने केस में पुलिस की बड़ी सफलता
इस मामले में पहले ही 6 आरोपी जेल जा चुके हैं। अब 7वें आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने इस 11 साल पुराने हत्या कांड की कड़ी को पूरा कर लिया है।
