Donald Trump US Tariff News: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर बड़ा आर्थिक फैसला लेते हुए टैरिफ बम फोड़ दिया है। उन्होंने दवाओं (Pharma Products) पर 100% टैरिफ लगाने की घोषणा की है। ट्रंप ने कहा कि यह नियम 1 अक्टूबर 2025 से लागू होगा।
दवाओं पर 100% टैरिफ
ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म Truth Social पर लिखा—
“हम 1 अक्टूबर 2025 से किसी भी ब्रांडेड या पेटेंटेड फार्मास्यूटिकल प्रोडक्ट पर 100% टैरिफ लगाएंगे, जब तक कि संबंधित कंपनी अमेरिका में अपना मैन्यूफैक्चरिंग प्लांट नहीं बना लेती। जिन कंपनियों ने प्लांट का काम शुरू कर दिया है, उन पर यह शुल्क लागू नहीं होगा।”
इस कदम को अमेरिका में फार्मा उत्पादन को बढ़ावा देने और विदेशी निर्भरता घटाने से जोड़कर देखा जा रहा है।

किचन और फर्नीचर पर भी शुल्क
ट्रंप ने एक अन्य पोस्ट में कहा—
किचन कैबिनेट्स, बाथरूम वैनिटीज़ और संबंधित प्रोडक्ट्स पर 50% टैरिफ लगाया जाएगा।
फर्नीचर पर 30% शुल्क लागू होगा।
ट्रंप ने कहा कि इन प्रोडक्ट्स का बड़े पैमाने पर आयात अमेरिका की राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए खतरा बन रहा है, इसलिए यह कदम उठाना जरूरी है।
भारी ट्रकों पर 25% टैरिफ
ट्रंप ने साफ किया कि अमेरिकी ट्रक मैन्यूफैक्चरर्स को बचाने के लिए,
1 अक्टूबर 2025 से बाहर बने सभी भारी ट्रकों पर 25% टैरिफ लगेगा।
इससे अमेरिकी कंपनियां जैसे Peterbilt, Kenworth, Freightliner को सुरक्षा मिलेगी।
साथ ही ट्रक ड्राइवरों की आर्थिक मजबूती और रोजगार भी सुनिश्चित होगा।
भारत-अमेरिका रिश्तों पर असर
पिछले कुछ समय से भारत और अमेरिका के बीच टैरिफ विवाद बढ़ा हुआ था। हालांकि, विदेश मंत्री एस. जयशंकर और वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल के अमेरिका दौरे के बाद उम्मीद जताई जा रही है कि दोनों देशों के बीच ट्रेड डील पर बातचीत आगे बढ़ सकती है।
