Dhamtari Illegal Sand Mining-
छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में लंबे समय से चल रहे अवैध रेत खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। खनिज विभाग की टीम ने इस अभियान में एक JCB मशीन, एक हाईवा और एक ट्रैक्टर जब्त किया है। इसके साथ ही नदी में अवैध खनन के लिए बनाए गए पुराने रैंप को भी नष्ट कर दिया गया।
लंबे समय से फल-फूल रहा था अवैध रेत कारोबार

बताया जा रहा है कि खनिज विभाग की कथित उदासीनता के चलते धमतरी जिले में रेत माफियाओं का नेटवर्क लंबे समय से सक्रिय था। माफियाओं द्वारा नदी किनारे और नदी के भीतर रैंप बनाकर बड़े पैमाने पर अवैध उत्खनन किया जा रहा था।
कार्रवाई के दौरान सामने आए वीडियो और तस्वीरों में रैंप काफी पुराने और पक्के नजर आए, जिससे स्पष्ट होता है कि अवैध खनन की गतिविधि काफी समय से जारी थी।
महानदी से अवैध खनन करते ट्रैक्टर जब्त
जानकारी के अनुसार, पिछले दो दिनों में खनिज विभाग ने अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई की।
मगरलोड विकासखंड के ग्राम बुढ़ेनी स्थित महानदी से अवैध रूप से रेत खनन कर परिवहन करते हुए एक ट्रैक्टर को जब्त किया गया।
भविष्य में अवैध खनन पर रोक लगाने के उद्देश्य से नदी में बनाए गए अवैध रैंप को जेसीबी से तोड़कर नष्ट कर दिया गया।

मध्य रात्रि में कार्रवाई, JCB और हाईवा जब्त

इसके अलावा ग्राम करेलीछोटी में मध्य रात्रि के दौरान की गई कार्रवाई में अवैध रेत भंडारण में संलिप्त
-
एक JCB मशीन
-
एक हाईवा वाहन
को जब्त किया गया।

MMDR Act के तहत होगी सख्त कार्रवाई
खनिज विभाग ने स्पष्ट किया है कि अवैध रेत खनन, परिवहन और भंडारण में शामिल वाहनों व आरोपियों के खिलाफ खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम, 1957 (MMDR Act) की धारा 21 के तहत नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जा रही है।

