Dhamtari Bear Attack –
छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले से एक डराने वाली घटना सामने आई है, जहां महुआ बीनने जंगल गई महिला पर तीन भालुओं ने हमला कर दिया। इस हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसे इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।

बेटे के साथ जंगल गई थी महिला
यह घटना धमतरी जिले के अंतर्गत आने वाले जंगल क्षेत्र की है. खैरडिगी गांव की रहने वाली अनार बाई नेताम अपने बेटे के साथ जंगल में महुआ बीनने गई थीं. मां और बेटा अलग‑अलग पेड़ों के नीचे महुआ चुन रहे थे. जंगल में काम करते समय उन्हें अंदाजा भी नहीं था कि खतरा उनके इतने पास है.

अचानक तीन भालुओं ने किया हमला
महुआ चुनते समय अचानक तीन भालू जंगल से निकले और सीधे महिला पर हमला कर दिया. भालुओं ने अनार बाई नेताम को जमीन पर गिरा दिया और हमला करते हुए उनके बाएं पैर पर गंभीर चोट पहुंचाई. अचानक हुए इस हमले से महिला संभल भी नहीं पाई और जोर‑जोर से चीखने लगी. महिला की चीख‑पुकार सुनकर आसपास महुआ बीन रहे अन्य ग्रामीण मौके पर पहुंचे. लोगों को आता देख तीनों भालू जंगल की ओर भाग निकले. इसके बाद ग्रामीणों ने घायल महिला को किसी तरह संभाला और तुरंत इलाज की व्यवस्था की.
जिला अस्पताल में इलाज जारी
घायल अनार बाई नेताम को तत्काल धमतरी जिला अस्पताल लाया गया, जहां उनका इलाज जारी है. डॉक्टरों के मुताबिक महिला के बाएं पैर में गंभीर चोट आई है. फिलहाल महिला की हालत स्थिर बताई जा रही है और डॉक्टरों की निगरानी में इलाज चल रहा है

गांव में दहशत, वन विभाग से मांग
घटना के बाद गांव और आसपास के इलाकों में दहशत का माहौल है. महुआ के मौसम में बड़ी संख्या में ग्रामीण जंगल जाते हैं, ऐसे में भालुओं की मौजूदगी ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है. ग्रामीणों ने वन विभाग से जंगल क्षेत्र में निगरानी बढ़ाने और सुरक्षा के इंतजाम करने की मांग की है.
