Darshana Singh UPSC Success Story-
छत्तीसगढ़ के मनेन्द्रगढ़–चिरमिरी–भरतपुर (MCB) जिले के जनकपुर क्षेत्र की बेटी दर्शना सिंह ने UPSC सिविल सेवा परीक्षा 2025 में 383वीं रैंक हासिल कर जिले और पूरे प्रदेश का नाम रोशन किया है। उनकी इस सफलता से जनकपुर सहित पूरे एमसीबी जिले में खुशी और गर्व का माहौल है।
रैंक के आधार पर उनका भारतीय पुलिस सेवा (IPS) में चयन होने की संभावना भी जताई जा रही है।

पिता चलाते हैं राशन दुकान
दर्शना सिंह साधारण परिवार से आती हैं। उनके पिता अरुण सिंह जनकपुर में राशन दुकान संचालक हैं, जबकि उनकी मां सीमा सिंह नगर पंचायत जनकपुर में भाजपा पार्षद हैं।
सीमित संसाधनों के बावजूद दर्शना ने अपनी मेहनत और लगन से यह बड़ी उपलब्धि हासिल की।

IIT कानपुर से की इंजीनियरिंग
दर्शना की प्रारंभिक पढ़ाई जनकपुर में ही हुई। इसके बाद उन्होंने देश के प्रतिष्ठित संस्थान IIT कानपुर में प्रवेश लिया और वहां से सिविल इंजीनियरिंग की डिग्री प्राप्त की।
पढ़ाई के दौरान ही उन्होंने सिविल सेवा में जाने का लक्ष्य तय कर लिया था।
दूसरे प्रयास में मिली सफलता
दर्शना सिंह ने लगातार तैयारी करते हुए दूसरे प्रयास में UPSC परीक्षा क्लियर कर ली। उनकी सफलता को क्षेत्र की बेटियों के लिए एक बड़ी प्रेरणा माना जा रहा है।

परिवार ने जताई खुशी
दर्शना की इस उपलब्धि पर उनके पिता अरुण सिंह ने इसे परिवार के लिए गर्व का क्षण बताया। वहीं उनकी मां सीमा सिंह ने कहा कि दर्शना बचपन से ही पढ़ाई के प्रति गंभीर और मेहनती रही है।

सफलता का श्रेय परिवार और गुरुओं को
दर्शना सिंह ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता, परिवार और गुरुजनों को दिया। उन्होंने कहा कि लगातार मेहनत, धैर्य और सकारात्मक सोच से कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।
उनकी इस सफलता से खासकर ग्रामीण क्षेत्र की बेटियों को बड़ी प्रेरणा मिल रही है।
