
जयपुर- छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कांग्रेस पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि कांग्रेस अब जनता का भरोसा खो चुकी है और “फ्यूज बल्ब” बनकर रह गई है। जयपुर आगमन के बाद मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा, “कांग्रेस अब एक फ्यूज बल्ब की तरह हो गई है, जो अब जनता के किसी काम की नहीं रही। जब जनता का विश्वास खत्म हो जाता है, तो ऐसे ही बयान सामने आते हैं जैसे अब कांग्रेस दे रही है।”
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि कांग्रेस ने कई मौकों पर संविधान को खतरे में डाला है। उन्होंने इमरजेंसी का हवाला देते हुए कहा कि उस दौरान कांग्रेस ने लोकतंत्र की हत्या की थी। ऐसे में ‘संविधान बचाओ रैली’ कांग्रेस को शोभा नहीं देती।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि जब कांग्रेस सत्ता में थी, तब उसने संवैधानिक संस्थाओं का दुरुपयोग किया, अभिव्यक्ति की आज़ादी को दबाया और लोकतंत्र के मूल सिद्धांतों को कुचला। अब जब जनता लगातार उन्हें नकार रही है, तो वे झूठे मुद्दों और भय का माहौल बनाकर अपना राजनीतिक अस्तित्व बचाने की कोशिश कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री साय ने यह भी कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने हमेशा संविधान का सम्मान किया है और देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत किया है।